भाजपा का दावा: सवाईमाधोपुर-खंडार में बहुमत, गंगापुर समेत अन्य निकायों में बोर्ड की तैयारी
सवाईमाधोपुर-खंडार में भाजपा ने पूर्ण बहुमत का दावा किया है। गंगापुर समेत अन्य निकायों में निर्दलीयों के सहयोग से बोर्ड बनाने की तैयारी बताई गई।
तस्वीर में गंगापुर सिटी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेता बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं।
नगर निकाय चुनाव 2026 के बीच भारतीय जनता पार्टी ने सवाईमाधोपुर जिले में अपनी बढ़त का दावा किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने कहा कि सवाईमाधोपुर और खंडार में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ बोर्ड बनाने की स्थिति में है, जबकि बामनवास, बजीरपुर सहित गंगापुर शहर में भी निर्दलीय सदस्यों के सहयोग से भाजपा का बोर्ड बनने जा रहा है।
नगर निकाय चुनाव 2026 के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी जिला सवाईमाधोपुर के तत्वावधान में 17 सितंबर 2026, गुरुवार को जिला मुख्यालय गंगापुर सिटी में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर, निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष गीता देवी नरूका, निवर्तमान प्रधान मंजू गुर्जर, रामसिंह खटाना, दीपक सिंह नरूका, जमनालाल वैष्णव और मनोज बंसल उपस्थित रहे।
भाजपा जिला सह मीडिया प्रमुख धनेश शर्मा ने बताया कि प्रेस वार्ता में उपस्थित विभिन्न मीडिया संस्थानों के ब्यूरो चीफ एवं संवाददाताओं के समक्ष भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर ने प्रदेश में हाल ही में चल रहे नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर पार्टी की स्थिति पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान प्रदेश में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा को बेहतरीन बढ़त मिली है।
मानसिंह गुर्जर ने कहा कि जिला सवाईमाधोपुर और खंडार में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ बोर्ड बनाने जा रही है। इसके साथ ही बामनवास, बजीरपुर सहित गंगापुर शहर में भी निर्दलीय सदस्यों के सहयोग से भाजपा अपना बोर्ड बनाने जा रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया संवाददाताओं ने भाजपा के सभापति पद प्रत्याशी विजय गुप्ता के संदर्भ में चर्चा की। इस दौरान पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष गीता देवी नरूका की दावेदारी को जनता की आवाज बताए जाने पर भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर और स्वयं गीता देवी नरूका ने संगठन के निर्देश एवं स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया। दोनों ने विजय गुप्ता को युवा और जुझारू बताते हुए संगठन के निर्देश पर संगठन हित में हमेशा तत्पर रहने की मंशा जताई।
इस अवसर पर निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश संगठन के निर्देशन, भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर के मार्गदर्शन एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष गीता देवी नरूका के आशीर्वाद से भाजपा पुनः गंगापुर शहर में बोर्ड बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि यह आगामी भविष्य में संपूर्ण शहर के विकास कार्यों को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगा।