नगरीय निकायों के आम चुनाव, 2026 के लिए गंगापुरसिटी और सवाई माधोपुर नगर परिषद में नाम निर्देशन पत्रों की प्राप्ति को लेकर प्रशासन ने व्यवस्था तय कर दी है। राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान, जयपुर के प्रेस नोट क्रमांक 6722 दिनांक 19.08.2026 से जारी कार्यक्रम के अनुसार नगरीय निकायों के आम चुनाव, 2026 के लिए निर्वाचन की लोकसूचना 27.8.2026 को जारी होगी।

राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम 1994 के नियम 10 के तहत निर्वाचन की लोकसूचना प्रपत्र 1 में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी की जाएगी। आयोग की ओर से लोकसूचना के प्रकाशन के साथ ही संबंधित नगरीय निकाय के रिटर्निंग अधिकारी 27.8.2026 को राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम 1994 के नियम 11 के तहत प्रपत्र 2 में निर्वाचन का लोक नोटिस जारी करेंगे। लोकनोटिस जारी होने के साथ ही नाम निर्देशन पत्रों की प्राप्ति का कार्य शुरू हो जाएगा।

जिले की नगर परिषद गंगापुरसिटी तथा सवाई माधोपुर में वार्डों की संख्या 60-60 है। दोनों नगर परिषदों में एक-एक रिटर्निंग अधिकारी तथा दो-दो सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त हैं। नाम निर्देशन पत्रों की प्राप्ति व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित करने के लिए दोनों नगर परिषदों में रिटर्निंग अधिकारी के साथ सहायक रिटर्निंग अधिकारी भी नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करेंगे।

गंगापुरसिटी नगर परिषद में रिटर्निंग अधिकारी उपखंड मजिस्ट्रेट गंगापुरसिटी नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करेंगे। उनके लिए वार्ड संख्या 01 से 20 तक के नाम निर्देशन पत्र उपखंड मजिस्ट्रेट गंगापुरसिटी कार्यालय में लिए जाएंगे। सहायक रिटर्निंग अधिकारी तहसीलदार गंगापुरसिटी वार्ड संख्या 21 से 40 तक के नाम निर्देशन पत्र सहायक कलेक्टर (तहसीलदार) गंगापुरसिटी कार्यालय में प्राप्त करेंगे। वहीं सहायक रिटर्निंग अधिकारी तहसीलदार गंगापुरसिटी तलावड़ा वार्ड संख्या 41 से 60 तक के नाम निर्देशन पत्र कार्यालय अतिरिक्त जिला कलेक्टर गंगापुरसिटी में प्राप्त करेंगे।

सवाई माधोपुर नगर परिषद में रिटर्निंग अधिकारी उपखंड मजिस्ट्रेट सवाई माधोपुर वार्ड संख्या 01 से 20 तक के नाम निर्देशन पत्र उपखंड मजिस्ट्रेट सवाई माधोपुर, कमरा नम्बर 30 में प्राप्त करेंगे। सहायक रिटर्निंग अधिकारी तहसीलदार सवाई माधोपुर वार्ड संख्या 21 से 40 तक के नाम निर्देशन पत्र उपखंड मजिस्ट्रेट सवाई माधोपुर, कमरा नम्बर 32 में प्राप्त करेंगे। सहायक रिटर्निंग अधिकारी नायब तहसीलदार टोडरा वार्ड संख्या 41 से 60 तक के नाम निर्देशन पत्र जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, कलेक्ट्रेट परिसर सवाई माधोपुर में प्राप्त करेंगे।

अन्य नगरीय निकायों में नाम निर्देशन पत्रों की प्राप्ति संबंधित नगरीय निकाय के रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में की जाएगी। रिटर्निंग अधिकारी नगर परिषद गंगापुरसिटी एवं सवाई माधोपुर प्रपत्र-2 में जारी किए जाने वाले लोक नोटिस में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने वाले अधिकारी तथा स्थान का स्पष्ट रूप से उल्लेख करेंगे।

आयोग द्वारा निर्धारित दिनांक को लोकनोटिस जारी कर उसका प्रकाशन रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय, तहसील कार्यालय, नगरीय निकाय के कार्यालय तथा प्रत्येक वार्ड में कम से कम दो सहज दृश्य स्थानों पर कराया जाएगा। इसकी सूचना 27.08.2026 को प्रातः 4.00 बजे तक आवश्यक रूप से संबंधित कार्यालय को भेजना सुनिश्चित किया जाएगा।

आदेश सक्षम स्तर से अनुमोदित है। आदेश पर संजय शर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अति.जिला कलक्टर), सवाई माधोपुर के हस्ताक्षर हैं।

आदेश की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर को भेजकर नाम निर्देशन पत्रों की प्राप्ति, संवीक्षा तथा अभ्यर्थिता वापसी के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के लिए रिटर्निंग अधिकारी कार्यालयों तथा नाम निर्देशन पत्रों की प्राप्ति स्थल पर आवश्यक पुलिस प्रबंध कराने का अनुरोध किया गया है। इसकी प्रतिलिपि अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट गंगापुर सिटी, समस्त रिटर्निंग अधिकारी/सहायक रिटर्निंग अधिकारी, सहायक निदेशक जनसम्पर्क सवाई माधोपुर, निजी सचिव जिला कलक्टर तथा निजी सहायक अतिरिक्त जिला कलक्टर सवाई माधोपुर को भी भेजी गई है।

Tags: