सवाई माधोपुर: मानटाउन बालिका स्कूल का कायाकल्प, भामाशाह करेंगे शिलान्यास
भामाशाह ओमप्रकाश अग्रवाल माता-पिता की स्मृति में मानटाउन बालिका स्कूल का विकास कराएंगे, जिससे करीब एक हजार छात्राओं को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
सवाई माधोपुर स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन का मुख्य द्वार, जहां कायाकल्प कार्य का शिलान्यास किया जाएगा।
सवाई माधोपुर। सवाई माधोपुर के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन का कायाकल्प होने जा रहा है। जिले के प्रमुख उद्योगपति एवं भामाशाह ओमप्रकाश अग्रवाल (ओटीसी वाले) अपने माता-पिता की पुण्य स्मृति में विद्यालय में व्यापक विकास कार्य करवाएंगे। इसके लिए गुरुवार, 15 अक्टूबर को भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीना होंगे।
जिले में चल रहा अभिनव कार्यक्रम ‘भविष्य की उड़ान’ अब ग्रामीण क्षेत्रों के साथ शहरी क्षेत्र के स्कूलों के कायाकल्प में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसी क्रम में जिला मुख्यालय स्थित बालिका मानटाउन स्कूल के विकास की जिम्मेदारी भामाशाह ओमप्रकाश अग्रवाल ने उठाई है। उन्होंने अपने माता-पिता की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से विद्यालय के विकास के लिए सहयोग दिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि भामाशाह की ओर से उनके माता-पिता की पुण्य स्मृति में विद्यालय के कायाकल्प की नींव रखी जाएगी। इस अवसर पर नगर परिषद सभापति मेवा चौधरी और उप सभापति माया गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी और अनेक गणमान्य नागरिक भी शामिल होंगे।
विद्यालय में छह नए कक्षा-कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही एक अतिरिक्त मुख्य दरवाजे का निर्माण और पुराने कक्षा-कक्षों की संपूर्ण मरम्मत करवाई जाएगी। पूरे स्कूल परिसर में बिजली की फिटिंग का कार्य भी भामाशाह के सहयोग से होगा।
विद्यालय की प्रधानाचार्य कल्पना शर्मा ने बताया कि परिसर की पूरी छत पर पानी का रिसाव रोकने के लिए डेम प्रूफ से पुताई कराई जाएगी। बिजली की सतत आपूर्ति के लिए सौर पैनल लगवाया जाएगा। छात्राओं को शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वाटरकूलर के साथ आरओ लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त छात्राओं के लिए आधुनिक शौचालयों का निर्माण, वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और बैडमिंटन कोर्ट सहित अन्य विकास कार्य भी करवाए जाएंगे।
विद्यालय के विकास के साथ उसका नाम भी बदलेगा। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार के नियमानुसार कोई भी भामाशाह स्कूल के विकास के लिए निर्धारित राशि खर्च करता है, तो उसकी इच्छानुसार विद्यालय का नाम परिवार के सदस्यों अथवा रिश्तेदारों के नाम पर रखा जा सकता है। इसी नियम के तहत सभी विकास कार्य पूरे होने के बाद राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन का नाम बदलकर ‘सेठ श्री मोहनलाल संतरा देवी अग्रवाल राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन’ हो जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक ने कहा कि भामाशाह का यह सहयोग बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा। इससे विद्यालय में पढ़ने वाली करीब एक हजार बालिकाओं को शिक्षा के साथ बेहतर भौतिक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
उद्योगपति एवं भामाशाह ओमप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि उनके पिताजी का संपूर्ण जीवन सवाई माधोपुर के लोगों की सेवा में समर्पित रहा। उनकी माताजी और पिताजी की बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में हमेशा रुचि थी। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने और उनके आदर्शों का पालन करने की प्रेरणा से उन्होंने विद्यालय के विकास का कार्य करवाने का निर्णय लिया।
विद्यालय में कक्षा-कक्षों, बिजली व्यवस्था, पेयजल, आधुनिक शौचालयों, सौर ऊर्जा और अन्य सुविधाओं के विकास से करीब एक हजार छात्राओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही, विकास कार्य पूरे होने पर विद्यालय को नया नाम भी मिलेगा।