सवाई माधोपुर के बोरिफ में ठाकुर जी मंदिर से स्कूल तक रास्ता बदहाल, कीचड़ में फंसे बच्चे
सवाई माधोपुर के बोरिफ में ठाकुर जी मंदिर से सरकारी विद्यालय तक सड़क बदहाल है। गड्ढों, कीचड़ और जलभराव से बच्चे व ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत और गंदे पानी की निकासी की मांग की है।
तस्वीर में जीनापुर गांव का एक बदहाल और कीचड़युक्त कच्चा रास्ता दिखाई दे रहा है, जिस पर पानी भरा हुआ है।
सवाई माधोपुर। ग्राम पंचायत जीनापुर के ग्राम बोरिफ में ठाकुर जी मंदिर से सरकारी विद्यालय तक जाने वाला रास्ता लंबे समय से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और कीचड़ होने के साथ बारिश एवं गंदे पानी की निकासी नहीं होने से रास्ते में पानी भरा रहता है। ऐसे में स्कूली छात्र-छात्राओं सहित ग्रामीणों को कीचड़ और पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते की खराब स्थिति के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती है। दोपहिया वाहन चालकों के वाहन फिसलने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को रास्ते की बदहाली का सबसे अधिक सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी इसी रास्ते में आकर जमा हो जाता है। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने के चलते ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि रास्ता खराब होने के कारण कई अभिभावकों को अपने बच्चों का दाखिला अन्य निजी विद्यालयों में करवाना पड़ रहा है। इससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।
समस्या के समाधान को लेकर ग्रामीणों द्वारा सरपंच ग्राम पंचायत जीनापुर एवं खंडार विधायक को प्रार्थना-पत्र भी दिए जा चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं ग्राम पंचायत से मांग की है कि ठाकुर जी मंदिर से सरकारी विद्यालय तक सड़क का निर्माण या मरम्मत करवाने के साथ गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।