करौली में विकसित भारत जन सेवा अभियान की तैयारियां तेज, जानें शेड्यूल
करौली में 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनकल्याणकारी गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई है।
करौली, 19 सितम्बर। ‘विकसित भारत-जन सेवा अभियान’ के तहत 20 सितम्बर को निर्धारित गतिविधियों के आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य कार्यकारी अधिकारी जगदीष प्रसाद गौड़ ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार अभियान का आयोजन 17 अक्टूबर तक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों में आमजन की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
अभियान के दौरान संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का समयबद्ध आयोजन किया जाएगा। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लिए निर्धारित कार्यक्रम रूपरेखा के अनुसार गतिविधियां आयोजित होंगी। जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों, पंचायती राज संस्थाओं, नगरीय निकायों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवा समूहों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत 25 सितम्बर तक ग्रामीण क्षेत्रों और 22 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक शहरी क्षेत्रों में नमो सेवा - अनकही कहानियाँ कार्यक्रम संपादित किया जाएगा। 25 से 27 सितम्बर तक आंगन मिलन सेवा, 17 अक्टूबर तक सेवा की कहानी, 07 अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा और 02 अक्टूबर को सेवा मेरा योगदान गतिविधि आयोजित होगी।
इसी क्रम में 19 से 25 सितम्बर तक ग्रामीण क्षेत्र में और 08 से 16 अक्टूबर तक शहरी क्षेत्र में सेवा सेतु अभियान चलाया जाएगा। 24 सितम्बर तथा 11 अक्टूबर दोनों दिवसों पर सेवा के रंग राष्ट्र के संग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 01 से 15 अक्टूबर तक सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, निर्धारित शेड्यूल के अनुसार सुशासन सेवा संवाद गतिविधि का भी आयोजन किया जाएगा।
इस संबंध में जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने संबंधित अधिकारियों को समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन गतिविधियों से संबंधित फोटो एवं वीडियो संबंधित पोर्टल पर गतिविधि पूर्ण होने के तुरंत बाद उसी दिन अपलोड किए जाएं।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगरीय क्षेत्रों में वर्तमान में लागू आचार संहिता का भी पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान के कार्यक्रम पूर्णतया प्रशासनिक परिप्रेक्ष्य में आयोजित होंगे तथा किसी प्रकार का राजनीतिक प्रचार-प्रसार नहीं किया जाएगा। निर्धारित गतिविधियों के समयबद्ध आयोजन और उनकी ऑनलाइन रिपोर्टिंग को लेकर प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं।