रक्षाबंधन के अवसर पर जिला कलक्टर काना राम ने जिलेवासियों एवं मातृशक्ति को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए बहनों की सुरक्षा और स्वस्थ भविष्य के लिए महत्वपूर्ण अपील की है। उन्होंने कहा कि राखी का पवित्र धागा भाई-बहन के प्रेम और विश्वास के साथ बहनों की सुरक्षा, सम्मान और स्वस्थ भविष्य के प्रति जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।

जिला कलक्टर ने कहा कि इस रक्षाबंधन भाई अपनी बहनों को राखी के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा का अनमोल उपहार भी दें। पात्र किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) वैक्सीन अवश्य लगवाएं और परिवार व आसपास की अन्य बालिकाओं को भी इसके प्रति जागरूक करें।

महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से संचालित अभियान के तहत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की पात्र बालिकाओं को एक डोज एचपीवी टीका निःशुल्क लगाया जा रहा है। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी एवं पीएचसी), स्कूलों तथा विशेष टीकाकरण शिविरों के माध्यम से बालिकाओं को टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी टीकाकरण किया जा रहा है।

जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर गंभीर बीमारी है, लेकिन इसकी रोकथाम संभव है। किशोरावस्था में समय पर एचपीवी टीकाकरण भविष्य में इस बीमारी से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अभिभावकों से पात्र बालिकाओं का समय पर टीकाकरण कराने और स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित टीकाकरण सत्रों एवं शिविरों में आवश्यक जानकारी प्राप्त करने का आग्रह किया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गंभीर बीमारी से ग्रस्त, गर्भवती अथवा पूर्व में टीके से एलर्जी की स्थिति वाली बालिकाओं के संबंध में चिकित्सकीय सलाह के अनुसार निर्णय लिया जाएगा। पात्र बालिकाओं के लिए अभियान के तहत टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है।

जिला कलक्टर ने कहा कि एक भाई का छोटा-सा प्रयास बहन के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए बड़ा सुरक्षा कवच बन सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से रक्षाबंधन के अवसर पर राखी के साथ स्वास्थ्य और सुरक्षा का संकल्प लेने तथा अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। रक्षाबंधन पर राखी के साथ स्वास्थ्य और सुरक्षा का संकल्प बहनों के लिए सबसे अनमोल उपहार है।

Tags: