सवाई माधोपुर जिले में पशुओं में बांझपन की समस्या के उपचार और पशुधन की उत्पादकता एवं विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार, 11 सितम्बर को चार ब्लॉकों में एक दिवसीय निःशुल्क बांझ निवारण एवं पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। राजस्थान सरकार की ओर से राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड (आरएलडीबी) के माध्यम से राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव गर्ग ने बताया कि शिविर सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होंगे। इनमें पशुपालकों को विशेषज्ञ पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ पशुओं में बांझपन की जांच, उपचार और आवश्यक परामर्श दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ब्लॉक सवाई माधोपुर के सूरवाल, बामनवास के शफीपुरा, मलारना डूंगर में ग्राम पंचायत मलारना डूंगर तथा खण्डार के फलौदी में शिविर लगाए जाएंगे। पशुपालक अपने पशुओं को इन शिविरों में लाकर निःशुल्क सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।

शिविरों में गाय और भैंस सहित अन्य पशुओं में बांझपन की गहन जांच एवं उपचार किया जाएगा। इसके साथ गर्भ परीक्षण, आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण, पशुओं के लिए कृमिनाशक दवा और खनिज मिश्रण भी उपलब्ध कराया जाएगा। पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, प्रजनन क्षमता और बेहतर पशुपालन से संबंधित आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी दी जाएगी।

पशुपालन विभाग ने अधिक से अधिक पशुपालकों से शिविरों में पहुंचकर अपने पशुओं का समय पर उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की है। विभाग ने संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी शिविरों के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया है। चार ब्लॉकों में आयोजित होने वाले ये निःशुल्क शिविर पशुपालकों को पशुओं की बांझपन संबंधी समस्या की जांच, उपचार और आवश्यक चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराने के लिए आयोजित किए जा रहे हैं।

Tags: