सवाई माधोपुर में नगरीय निकाय चुनाव का प्रथम चरण शांतिपूर्ण संपन्न
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने अतिसंवेदनशील केंद्रों का निरीक्षण कर दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुगम मतदान व्यवस्था का जायजा लिया।
सवाई माधोपुर में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण का मतदान बुधवार को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आलनपुर, जिला उद्योग केन्द्र सहित नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान कक्ष, मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं और निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में मतदान कार्मिकों से आवश्यक जानकारी ली। क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों से फीडबैक भी लिया गया।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा सहित समस्त रिटर्निंग अधिकारियों ने नियमित रूप से फील्ड में रहकर मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान कार्मिकों को निर्भय, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराने तथा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता को मतदान में परेशानी नहीं हो तथा वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुगम मतदान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित रहे।
उन्होंने मतदान समाप्ति तक सभी अधिकारियों और कार्मिकों को सतर्कता, मुस्तैदी और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के लगातार निरीक्षण और सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच नगर परिषद सवाई माधोपुर में प्रथम चरण का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।