सवाई माधोपुर: चुनाव पर्यवेक्षक ब्रजेश चांदोलिया ने मतदान केंद्रों का लिया जायजा
पंचायती राज विभाग के संयुक्त शासन सचिव ने क्रिटिकल सेंटर्स पर सुरक्षा और निष्पक्ष प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तस्वीर में सवाई माधोपुर के मतदान केंद्र पर अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते निर्वाचन पर्यवेक्षक।
सवाई माधोपुर, 9 सितंबर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के तहत बुधवार को जिले में मतदान के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त निर्वाचन पर्यवेक्षक एवं अतिरिक्त आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव (प्रथम), पंचायती राज विभाग, ब्रजेश कुमार चांदोलिया ने नगर परिषद सवाई माधोपुर, नगर पालिका खण्डार एवं नगर पालिका बौंली क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया।
निर्वाचन पर्यवेक्षक ने विशेष रूप से क्रिटिकल मतदान केन्द्रों का जायजा लेते हुए वहां मतदान व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों और निर्वाचन प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर तैनात मतदान कार्मिकों से मतदान प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली तथा मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक प्रबंधों को सुचारू बनाए रखने के साथ निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश दिए। पर्यवेक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने तथा मतदान के दौरान पूरी सजगता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान के दौरान निर्वाचन पर्यवेक्षक का यह निरीक्षण मतदान केन्द्रों पर व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों और निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। निरीक्षण के दौरान क्रिटिकल मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए।
फोटो कैप्शन:- 9 पीआरओ 1 से 6 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करते निर्वाचन पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया।