सवाई माधोपुर के 7 ब्लॉक में 18 सितंबर को लगेंगे निःशुल्क बांझ निवारण शिविर
सवाई माधोपुर के 7 ब्लॉक में 18 सितंबर को निःशुल्क बांझ निवारण शिविर लगेंगे, जहां पशुओं की जांच, उपचार और दवाइयां मिलेंगी।
सवाई माधोपुर जिले में पशुओं में बांझपन की समस्या के समाधान और पशुधन विकास को बढ़ावा देने के लिए 18 सितंबर 2026 को एक दिवसीय निःशुल्क बांझ निवारण एवं पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड (आरएलडीबी) के माध्यम से राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत पशुपालन विभाग की ओर से जिले के 7 विकास खण्डों में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक इन शिविरों का आयोजन होगा।
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव गर्ग के अनुसार, 18 सितंबर को पंचायत समिति सवाई माधोपुर की ग्राम पंचायत सुनारी, बामनवास की लिवाली, मलारना डूंगर की सैनीपुरा, खण्डार की बहरावण्ड़ा खुर्द, चौथ का बरवाडा की बलरिया, गंगापुर सिटी की टोकसरी तथा पंचायत समिति बौंली की ग्राम पंचायत रवासा में शिविर लगाए जाएंगे।
शिविरों में पशुओं, विशेषकर गाय और भैंस में बांझपन की गहन जांच, उपचार, गर्भ परीक्षण और आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही पशुओं के लिए कृमिनाशक दवा एवं खनिज मिश्रण भी वितरित किया जाएगा।
पशुपालन विभाग ने संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से इन शिविरों का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालक इन निःशुल्क पशु चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठा सकें। राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत आयोजित ये शिविर पशुओं में बांझपन की समस्या के समाधान के लिए ग्रामीण पशुपालकों तक उपचार और आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने पर केंद्रित रहेंगे।