सवाई माधोपुर कलेक्टरेट में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करते जिला कलक्टर और अधिकारी।

सवाई माधोपुर, 16 सितम्बर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के अनुरूप जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत विकास संरचनाओं के निर्माण को अब गति दी जाएगी। जिला कलक्टर काना राम ने बुधवार को पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को विभिन्न विकास कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य बजट में की गई घोषणाओं के अनुरूप विभिन्न पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर अमृत पोषण वाटिकाओं, अमृता हाट बाजार, ग्रामीण पुस्तकालय और संजीवनी पार्क की स्थापना जल्द की जाए। उन्होंने इन आधारभूत विकास संरचनाओं के लिए जल्द से जल्द स्थानों का चयन कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

काना राम ने कहा कि जिन पंचायत समिति और ग्राम पंचायत क्षेत्रों में इन विकास संरचनाओं के लिए स्थान चिन्हित हो चुके हैं, वहां अगले सप्ताह शिलान्यास कार्य करवाए जाएं। शेष पंचायतों में स्थान चिन्हित करने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाए। उन्होंने पंचायत समिति स्तर पर नर्सरी और कांजी हाउस के निर्माण के लिए समुचित स्थान चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।

समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने विकसित भारत जीरामजी योजना के तहत कम संख्या में श्रमिकों के नियोजन पर असंतोष जाहिर किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में भी जीरामजी योजना के श्रमिकों को नियोजित करने के निर्देश दिए। आवश्यकता होने पर प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर लक्षित आदर्श पोषण वाटिकाओं में भी जीरामजी योजना से श्रमिकों का नियोजन करने को कहा।

जिला कलक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रथम किश्त प्राप्त कर चुके लाभार्थियों को आवास निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने द्वितीय किश्त प्राप्त कर चुके लाभार्थियों को निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के नए आवेदनों में पात्रता का सत्यापन गंभीरता से करने और इस कार्य में संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों की जिम्मेदारी तय करने को कहा। आगामी 17-25 सितम्बर तक संचालित होने वाले ग्रामीण सेवा शिविरों के दौरान आवास आवेदनों के सत्यापन का कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला कलक्टर ने भू-जल संरक्षण से जुड़े मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान, जल संचय-जन भागीदारी अभियान और कर्मभूमि से मातृभूमि योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने इन अभियानों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि जल संरक्षण से जुड़ी अवसंरचनाएं समय पर पूरी की जा सकें।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुरूप सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय निर्माण तथा विभिन्न विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में शौचालयों की मरम्मत आदि कार्यों में कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने बर्तन बैंकों के संचालन और मल शोधन प्लान्ट की स्थापना के कार्य में देरी पर भी असंतोष जाहिर किया।

बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सहित पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास विभाग और भू-जल संरक्षण विभाग के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: