गो माता को राष्ट्र माता बनाने की मांग, सवाईमाधोपुर में 15,591 प्रपत्रों पर 3,87,875 हस्ताक्षर सौंपे जाएंगे
गो माता को राष्ट्र माता बनाने की मांग को लेकर गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत सवाईमाधोपुर में हजारों गो भक्त जुटेंगे। 15,591 प्रपत्रों में 3,87,875 हस्ताक्षरों वाला प्रार्थना पत्र राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित अन्य को सौंपा जाएगा।
तस्वीर में सवाई माधोपुर में गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत एक कमरे में संत और तीन अन्य लोग प्रार्थना पत्र के साथ नजर आ रहे हैं।
सवाईमाधोपुर। गो माता को राष्ट्र माता बनाने की मांग को लेकर गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार 27 जुलाई को देशभर के 790 जिलों में एक साथ प्रार्थना पत्र दिए जाएंगे। इसी अभियान के तहत सवाईमाधोपुर जिले के गो भक्तों द्वारा 15,591 प्रपत्रों में 3,87,875 हस्ताक्षरों सहित प्रार्थना पत्र जिला कलेक्टर महोदय के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदय, माननीय प्रधानमंत्री एवं राज्य के माननीय मुख्यमंत्री महोदय तथा माननीय राज्यपाल महोदय को सौंपे जाएंगे।
इस कार्यक्रम में सवाईमाधोपुर जिले के समस्त संत महापुरुषों का सानिध्य रहेगा। गंगापुर, वजीरपुर, बरनाला, मलारना, बौंली एवं खण्डार व बरवाड़ा सहित पूरे जिले से हजारों की संख्या में गो प्रेमी सुबह 8 बजे विजेश्वर ट्रस्ट बजरिया में एकत्रित होंगे। यहां हरे राम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
जिला संयोजक नरेन्द्र मोहन गर्ग ने बताया कि रामद्वारा में विराजमान श्री राम निवास जी महाराज, श्री किशोरीदास जी महाराज एवं श्री गोबर गोपाल सरस्वती जी महाराज सहित स्थानीय संतों का सानिध्य प्राप्त होगा। इसके बाद सभी संतों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा गो माता का पूजन एवं आशीर्वचन किया जाएगा।
इसके पश्चात सुबह 9.15 बजे शोभायात्रा मुख्य बाजार, दौसा बस स्टेण्ड और अम्बेडकर सर्किल होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचेगी। शोभायात्रा की विशेष बात यह रहेगी कि गो भक्त संत समाज के सानिध्य में शांतिपूर्वक हरे राम संकीर्तन करते हुए जिला कलेक्ट्रेट की ओर प्रस्थान करेंगे।
गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत आयोजित यह कार्यक्रम पूरे देश में एक ही दिन और एक ही समय पर किया जाएगा। अभियान के माध्यम से गो माता को सम्मान दिलाने, गो हत्या बंद करने एवं गो माता को संरक्षण प्रदान करने के लिए प्रार्थना पत्र दिए जाएंगे।
सवाईमाधोपुर के सभी व्यापारी भाइयों से विशेष आग्रह किया गया है कि वे सुबह 8 बजे से 11 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर इस पुनीत कार्य में सहयोग प्रदान करें और अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें।