भारत विकास परिषद हम्मीर शाखा का स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, जन्मदिन पर अदिति मंगल ने पहली बार किया रक्तदान

सवाई माधोपुर के जिला अस्पताल में भारत विकास परिषद हम्मीर शाखा के स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में युवाओं ने उत्साह से रक्तदान किया, जन्मदिन पर अदिति मंगल ने भी पहली बार रक्तदान किया।

Update: 2026-07-10 13:45 GMT

तस्वीर में भारत विकास परिषद के बैनर तले सवाई माधोपुर के सामान्य चिकित्सालय में आयोजित शिविर के दौरान रक्तदाता हाथ में प्रमाणपत्र लिए चिकित्सालय कर्मियों और परिषद के पदाधिकारियों के साथ नजर आ रहे हैं।

सवाई माधोपुर के जिला मुख्यालय स्थित राजकीय सामान्य चिकित्सालय के ब्लड बैंक में भारत विकास परिषद हम्मीर शाखा द्वारा संस्था के स्थापना दिवस एवं सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रमुख चिकित्सा अधिकारी तेजराम मीणा एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनिल लाल मथुरिया ने दीप प्रज्वलित कर तथा वंदे मातरम् के गायन के साथ किया। आयोजन के दौरान सुबह से ही युवाओं और परिषद परिवार के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

शाखा सचिव प्रेम प्रकाश पाराशर ने बताया कि शिविर में अदिति मंगल ने अपने जन्मदिन के अवसर पर पहली बार रक्तदान किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है।

रक्तदान शिविर के प्रभारी मूलचंद नागर ने बताया कि जिला अस्पताल में आयोजित इस स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में भारत विकास परिषद के सदस्यों के साथ कई युवाओं ने भी रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में रक्त की काफी कमी देखी गई है। ऐसे में युवाओं और विभिन्न संस्थाओं को आगे आकर अधिक से अधिक रक्तदान करना चाहिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके और उन्हें जीवनदान मिल सके।

परिषद के संस्कार प्रभारी श्याम सुंदर सिंघल वेधजी ने बताया कि संस्था के मनीष मंत्री ने 39वीं बार, दिनेश सोनी ने 20वीं बार, डॉ. ऋषभ गोयल ने 22वीं बार तथा रोहित गुप्ता ने 22वीं बार रक्तदान किया। वहीं अमित टटवाल ने अपनी पत्नी अनीता टटवाल के साथ तथा पार्थ मंगल ने अपनी मां प्रमिला मंगल के साथ रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद सेवा कार्यों के अंतर्गत इस प्रकार के आयोजन लगातार करता रहता है।

शिविर के समापन पर शाखा अध्यक्ष राजेश कुमार गोयल ने अस्पताल प्रशासन तथा सभी रक्तदाताओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर अध्यक्ष राजेश कुमार गोयल, सचिव प्रेम प्रकाश पाराशर, राम अवतार गौतम, निर्मल जैन, मूलचंद नागर, श्याम सुंदर वेधजी, दिनेश कुमार स्वर्णकार, अमित टटवाल, अनीता टटवाल, नरेंद्र मोहन गर्ग, गोविंद शर्मा, मनीष मंत्री, विक्रम सिंह, अदिति मंगल, सत्यनारायण महेश्वरी, राजेंद्र मंगल, पार्थ मंगल, प्रमिला मंगल, डॉ. ऋषभ गोयल, रोहित गुप्ता, राजेंद्र मंगल, नरोत्तम शर्मा, गोविंद शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News