कुंडेरा CHC में रिपोर्टर से मारपीट, डॉक्टर पर गुंडे बुलाने का आरोप
सवाई माधोपुर के कुंडेरा CHC में कवरेज करने गए रिपोर्टर से मारपीट का आरोप, डॉक्टर कमलेश मीणा पर कार्रवाई की मांग को लेकर पत्रकार लामबंद।
सवाई माधोपुर जिले के कुंडेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में कवरेज करने गए एक दैनिक समाचार पत्र के रिपोर्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद जिले के पत्रकारों में रोष व्याप्त है। आक्रोशित पत्रकारों ने डॉक्टर कमलेश मीणा को निलंबित करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, कुंडेरा CHC में डॉक्टर और स्टाफ के नदारद होने को लेकर एक दैनिक समाचार पत्र के रिपोर्टर द्वारा कवरेज किया गया था। इसी कवरेज से नाराज होकर डॉक्टर कमलेश मीणा पर रिपोर्टर के साथ मारपीट करवाने का आरोप लगाया गया है।
बताया गया कि रिपोर्टर के साथ CHC परिसर में मारपीट की गई और कवरेज के दौरान बनाए गए फोटो एवं वीडियो जबरन डिलीट करवाए गए। रिपोर्टर ने CHC में डॉक्टर और स्टाफ की अनुपस्थिति को लेकर खबर कवरेज की थी, जिसके बाद यह विवाद सामने आया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिले के पत्रकारों में आक्रोश फैल गया। जिला पत्रकार विकास समिति के बैनर तले पत्रकारों ने डॉक्टर कमलेश मीणा को निलंबित करने की मांग उठाई है।
पत्रकारों ने निर्णय लिया है कि इस मामले को लेकर कल जिला कलेक्टर और सीएमएचओ को ज्ञापन सौंपा जाएगा। घटना के विरोध में पत्रकारों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।