पशुधन स्वास्थ्य: सवाई माधोपुर में पशुपालन विभाग की चेतावनी
| बदलते मौसम में फड़किया और गलघोंटू जैसी बीमारियों से बचाने के लिए पशुओं का टीकाकरण कराने और आवासों में वेंटिलेशन रखने की सलाह दी गई है।
सवाई माधोपुर। सर्दी बढ़ने और दिन-रात के तापमान में लगातार बदलाव से पशुधन के स्वास्थ्य और उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। बदलते मौसम में पशुओं में विभिन्न बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ सकता है। इसे देखते हुए पशुपालन विभाग ने पशुपालकों और गौशालाओं के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह जारी की है।
पशुपालन विभाग सवाई माधोपुर के संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव गर्ग ने बताया कि सर्दी के मौसम में यदि पशुओं के दुग्ध उत्पादन में कमी आती है या उनमें किसी बीमारी के लक्षण दिखाई देते हैं तो पशुपालकों को तत्काल निकटतम पशु चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने पशुओं को फडकिया, गलघोंटू, पी.पी.आर, भेड़ माता, लंगड़ा बुखार, मिश्रित संक्रमण और खुरपका-मुंहपका सहित विभिन्न बीमारियों से बचाने के लिए आवश्यक टीकाकरण करवाने पर जोर दिया।
डॉ. गर्ग ने बताया कि सर्दी से बचाव के लिए पशु आवासों में जूट की टाटपट्टी और तिरपाल का उपयोग किया जाना चाहिए। विशेष रूप से छोटे पशुओं और पोल्ट्री को ठंड से सुरक्षित रखने की व्यवस्था जरूरी है। पशु आवास गृहों में सूखी घास बिछाई जाए तथा हवा और प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए, जिससे समुचित वेंटिलेशन बना रहे और नमी जमा नहीं हो।
उन्होंने पशुओं को सर्दी के मौसम में गुणवत्तापूर्ण हरा, वसा युक्त और पौष्टिक संतुलित आहार उपलब्ध कराने की सलाह दी। परजीवियों के प्रकोप से बचाने के लिए पशु चिकित्सक की सलाह के अनुसार परजीवीनाशक घोल या दवा दी जानी चाहिए। इससे पशुओं का स्वास्थ्य बेहतर रहने के साथ चारे-दाने का समुचित उपयोग हो सकेगा।
संयुक्त निदेशक ने पशुपालकों को आगाह किया कि पशुओं को घुटन भरे स्थानों पर नहीं रखें और विशेष रूप से धुएं से बचाएं। धुएं के संपर्क में आने से पशुओं को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने जिले की सभी गौशालाओं में भी इन सभी बचाव उपायों को अपनाने की आवश्यकता बताई, ताकि सर्दी के मौसम में पशुधन के स्वास्थ्य और उत्पादन को सुरक्षित रखा जा सके।