आरपीएफ की सतर्कता से महिला यात्री को लौटी ₹3.91 लाख की अमानत, देहरादून एक्सप्रेस में छूटा पर्स सुरक्षित मिला

देहरादून एक्सप्रेस में महिला यात्री का ₹3.91 लाख मूल्य का पर्स छूट गया, जिसे आरपीएफ रामगंजमंडी ने खोजकर सुरक्षित लौटाया। जानिए पूरी कार्रवाई।

Update: 2026-07-27 13:10 GMT

रामगंजमंडी आरपीएफ पोस्ट के बाहर पुलिस अधिकारी (दाएं से बाएं) महिला यात्री और उनके परिजन को ट्रेन में छूटा बरामद सामान सौंपते हुए दिखाई दे रहे हैं।

रेल यात्रा के दौरान ट्रेन में छूटा कीमती पर्स आरपीएफ की तत्परता से सुरक्षित बरामद होने पर महिला यात्री को वापस सौंप दिया गया। गाड़ी संख्या 19020 देहरादून एक्सप्रेस के कोच बी-2 में यात्रा कर रही महिला यात्री किरण चौरसिया का पर्स आरपीएफ रामगंजमंडी की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से सुरक्षित मिला, जिसके बाद उन्होंने रेलवे का आभार व्यक्त किया।

पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जन सम्पर्क अधिकारी श्री सौरभ जैन ने बताया कि किरण चौरसिया हरिद्वार से कोटा तक अपने परिवार के साथ यात्रा कर रही थीं। यात्रा समाप्त होने के बाद वह अपना पर्स कोच की बर्थ संख्या 45 पर ही भूल गईं। इसकी सूचना मिलते ही ट्रेन के रामगंजमंडी स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ पोस्ट रामगंजमंडी के उपनिरीक्षक राजपाल सिंह एवं प्रधान आरक्षक धर्मवीर सिंह तत्काल संबंधित कोच में पहुंचे और तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पर्स सीट पर सुरक्षित मिला, जिसे आरपीएफ पोस्ट लाकर सुरक्षित रखा गया। इसके बाद नियंत्रण कक्ष, कोटा तथा संबंधित यात्री को इसकी सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर महिला यात्री आरपीएफ पोस्ट रामगंजमंडी पहुंचीं और अपना पहचान पत्र तथा यात्रा टिकट प्रस्तुत किया। आरपीएफ अधिकारियों ने पर्स में रखे सामान का विवरण पूछा, जिस पर उनके द्वारा बताए गए विवरण का मिलान किया गया। विवरण पूरी तरह सही पाए जाने के बाद नियमानुसार पर्स उन्हें सुपुर्द कर दिया गया।

पर्स में लगभग ₹3.91 लाख मूल्य का सामान सुरक्षित मिला। इसमें 15 ग्राम वजन की सोने की चेन एवं पेंडेंट, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2.25 लाख है, 10 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1.50 लाख है, दो चांदी की अंगूठियां एवं एक चांदी का ब्रेसलेट, जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹10,000 है, तथा दो पेन ड्राइव, जिनकी अनुमानित कीमत ₹1,000 है, शामिल थे। समस्त सामान की पहचान सुनिश्चित करने के बाद महिला यात्री को पर्स सुपुर्द किया गया तथा आवश्यक पावती भी प्राप्त कर ली गई।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें और ट्रेन से उतरने से पहले अपनी सीट तथा आसपास के स्थान की एक बार अवश्य जांच कर लें। यदि किसी यात्री का सामान ट्रेन में छूट जाए तो वह तत्काल रेल मदद (RailMadad), हेल्पलाइन 139 अथवा निकटतम आरपीएफ से संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Tags:    

Similar News