गंगापुर सिटी में फॉलोअप शहरी सेवा शिविर में वार्ड 11 से 20 के लोगों को एक ही स्थान पर मिली सभी विभागों की सेवाएं

गंगापुर सिटी में फॉलोअप शहरी सेवा शिविर के दौरान वार्ड 11 से 20 के लोगों के कई प्रकरणों का मौके पर निस्तारण हुआ। जानिए किन-किन सेवाओं का मिला लाभ।

Update: 2026-07-27 13:13 GMT

तस्वीर में नगर परिषद सभागार में अधिकारी एक नागरिक को सरकारी दस्तावेज सौंपते नजर आ रहे हैं।

गंगापुर सिटी, मदन मोहन गर्ग। राज्य सरकार एवं स्वायत्त शासन विभाग के दिशा-निर्देशों की पालना में नगर परिषद गंगापुर सिटी द्वारा फॉलोअप शहरी सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को वार्ड संख्या 11 से 20 के लिए नगर परिषद सभागार में आयोजित शिविर में आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा प्राप्त शिकायतों एवं परिवादों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

नगर परिषद आयुक्त बृजेन्द्र मीना ने बताया कि शिविर में पट्टे, भवन निर्माण स्वीकृति, नाम हस्तांतरण, प्रधानमंत्री स्वनिधि, स्ट्रीट लाइट, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, घर-घर कचरा संग्रहण, पूरक पोषाहार, पेंशन, पालनहार, जनाधार, खाद्य सुरक्षा, विद्युत, सीवरेज एवं पेयजल सहित विभिन्न प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, आयोजना, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सार्वजनिक निर्माण, विद्युत एवं वन विभाग से संबंधित कार्य भी शिविर में एक ही स्थान पर किए गए।

आयुक्त बृजेन्द्र मीना के अनुसार 27 जुलाई को आयोजित शिविर में 5 पट्टे, 1 भवन निर्माण स्वीकृति, 1 नाम हस्तांतरण, प्रधानमंत्री स्वनिधि के 4, स्ट्रीट लाइट के 4, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के 53, घर-घर कचरा संग्रहण के 5, पूरक पोषाहार के 2, पेंशन का 1, पालनहार के 10, जनाधार के 25, खाद्य सुरक्षा का 1, विद्युत के 2 तथा पेयजल के 3 प्रकरणों सहित अन्य प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

उन्होंने बताया कि शिविर के सफल संचालन में अभियान के नोडल प्रभारी नरेश कुमार, सहायक नगर नियोजक एवं कनिष्ठ अभियंता गुरुदीप सिंह कश्यप, वरिष्ठ सहायक राजेश मीना, कनिष्ठ अभियंता रश्मि मीणा, पट्टा शाखा प्रभारी अमर नकवाल, कार्यालय सहायक मनमोहन दुबे, कनिष्ठ सहायक अशोक वर्मा, लाला राम वर्मा, राहुल कौशल, एसआई पिंटू राम मीणा, जुगल किशोर शर्मा, अमन धामोनियां, मनीष जोरवाल, दिनेश सेन एवं दुर्गेश सेन सहित नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आमजन के कार्यों का जिम्मेदारी से निस्तारण किया।

नगर परिषद आयुक्त ने वार्डवासियों से अपील की है कि 28 जुलाई 2026, मंगलवार को भी वार्ड 11 से 20 के लिए नगर परिषद सभागार में आयोजित होने वाले फॉलोअप शहरी सेवा शिविर में उपस्थित होकर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं। शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराते हुए नागरिकों के प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है।

Tags:    

Similar News