रणथंभौर बाघ परियोजना, सवाई माधोपुर में वन्यजीव सप्ताह 2026 के अवसर पर ब्लू स्टार सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों को पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए जूट के बैग और अध्ययन सामग्री वितरित की गई।

6 अक्टूबर को रणथंभौर बाघ परियोजना, सवाई माधोपुर में वन्यजीव सप्ताह 2026 के तहत विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण और प्रकृति से जोड़ने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। ब्लू स्टार सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए वन्यजीव आधारित विशेष फिल्म स्क्रीनिंग, परिचर्चा और रणथंभौर नेशनल पार्क का शैक्षणिक वन भ्रमण कराया गया।

रणथंभौर बाघ परियोजना, सवाई माधोपुर के तत्वावधान में 1 अक्टूबर 2026 से 8 अक्टूबर 2026 तक वन्यजीव सप्ताह 2026 का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं क्षेत्र निदेशक रणथंभौर बाघ परियोजना एस.पी. सिंह तथा उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक रणथंभौर बाघ परियोजना सवाई माधोपुर मानस सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत सोशियोलॉजिस्ट ममता साहू द्वारा विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का सुचारु क्रियान्वयन किया जा रहा है।

इसी क्रम में 6 अक्टूबर को ब्लू स्टार सेकेंडरी स्कूल में वन्यजीव आधारित विशेष फिल्म स्क्रीनिंग आयोजित की गई। फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को रणथंभौर की समृद्ध जैव विविधता, वनों की महत्ता और वन्यजीवों के प्राकृतिक पर्यावास की रोचक झलकियां दिखाई गईं। इसके बाद फील्ड बायोलॉजिस्ट मोहम्मद मेराज ने विद्यार्थियों के साथ वन्यजीव संरक्षण, ईकोसिस्टम के संतुलन तथा वन्यजीवों के व्यवहार पर संवादात्मक एवं ज्ञानवर्धक परिचर्चा की। परिचर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाओं के समाधान के लिए सवाल किए और उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर सोशियोलॉजिस्ट ममता साहू ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण तथा सिंगल-यूज प्लास्टिक के बहिष्कार का संदेश दिया। विद्यार्थियों को ईको-फ्रेंडली जूट के बैग, ज्ञानवर्धक बुकलेट, स्टिकर्स एवं रणथंभौर बाघ परियोजना के आकर्षक ब्रोच (बैज) भी वितरित किए गए।

विशेष पहल के तहत विद्यार्थियों को वनों और वन्यजीवों का प्रत्यक्ष अनुभव कराने के लिए रणथंभौर नेशनल पार्क का शैक्षणिक वन भ्रमण भी करवाया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जंगल के प्राकृतिक परिवेश, पेड़-पौधों, ग्रासलैंड और वन्यजीवों को करीब से देखा तथा उनके बारे में समझा।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने दैनिक जीवन में प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेकर एक जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान किया।

रणथंभौर बाघ परियोजना द्वारा जन-जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने के इस महाभियान के तहत आगामी दिनों में भी विविध कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे। वन्यजीव सप्ताह के माध्यम से विद्यार्थियों को संरक्षण, प्राकृतिक पर्यावास और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ने की गतिविधियां जारी रहेंगी।

Tags: