राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम की सवाई माधोपुर में बैठक, उठाई विभिन्न मांगें
सवाई माधोपुर में आयोजित बैठक में तृतीय श्रेणी डीपीसी, स्टाफिंग पैटर्न और 2010 से पहले के शिक्षकों को TET से राहत देने की मांग की गई।
सवाई माधोपुर में राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) की बैठक में चर्चा करते पदाधिकारी।
राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) के प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री कार्यालय पर मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर सुरेश चंद शर्मा और सोहन लाल गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक की शुरुआत की गई। बैठक में शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कोषाध्यक्ष नरेश सिसोदिया ने बताया कि बैठक में गूगल मीट के माध्यम से शिक्षकों से समस्याएं प्राप्त की गईं। बैठक में महात्मा गांधी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के पद स्वीकृत किए जाने, स्कूलों का समय 15 अक्टूबर तक यथावत रखे जाने तथा उप प्रधानाचार्य एवं प्रधानाचार्य की ऑनलाइन काउंसलिंग अति शीघ्र करवाने की मांग रखी गई।
बैठक में तृतीय श्रेणी अध्यापकों की डीपीसी करवाने की मांग भी उठाई गई, जिससे वरिष्ठ अध्यापक के रिक्त पदों की पूर्ति हो सके। इसके साथ ही स्टाफिंग पैटर्न लागू करने की मांग की गई, ताकि छात्र-शिक्षक अनुपात बन सके। सातवें वेतन आयोग का विकल्प पुनः खोले जाने की मांग भी शिक्षकों ने रखी।
शिक्षकों ने जर्जर स्कूल भवनों के निर्माण की स्वीकृति अति शीघ्र करवाने, स्कूलों में विभिन्न प्रकार की ग्रांट समय पर दिलवाने तथा पीडी मद के शिक्षकों का वेतन समय पर दिलवाने की मांग की। वर्ष 2010 से पहले के कार्यरत शिक्षकों को टीईटी परीक्षा से राहत देने और आरजीएचएस की सुविधा पूर्व की तरह दिए जाने की मांग भी बैठक में रखी गई।
इसके अलावा पीएस और यूपीएस में ऑनलाइन कार्य करने के लिए कंप्यूटर-प्रिंटर उपलब्ध करवाने, 2018 के कार्यरत शिक्षकों की वेतन विसंगति का समाधान करने तथा मकान सूचीकरण का मानदेय दिलवाने की मांग की गई।
जिला अध्यक्ष सुरेश चंद शर्मा ने सभी को आश्वस्त किया कि ब्लॉक स्तर की समस्याओं को मुख्य ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी से मिलकर, जिले की समस्याओं को मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महोदय सवाई माधोपुर से मिलकर तथा प्रांत से संबंधित समस्याओं को प्रांतीय कार्यालय में अति शीघ्र भिजवाकर समाधान करवाया जाएगा।
बैठक में मोहित खान, गोपाल लाल गुप्ता, नरेश सिसोदिया, रघुवीर जाटव, रामदयाल मीणा (प्रदेश महामंत्री), हनुमान प्रसाद शर्मा एवं अन्य शिक्षक उपस्थित थे।