राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता 2026 में शाखा सुभाष की टीम राजस्थान पूर्व प्रांत में प्रथम
गंगापुर सिटी में आयोजित प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता-2026 में शाखा सुभाष की टीम ने राजस्थान पूर्व प्रांत में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अब टीम 15 नवंबर को जयपुर में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेगी।
तस्वीर में गंगापुर सिटी के मधुबन रिसोर्ट में आयोजित प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता के दौरान विजेता छात्र-छात्राएं और शिक्षक पुरस्कार व प्रमाण पत्र के साथ नजर आ रहे हैं।
गंगापुर सिटी में रविवार को मधुबन रिसोर्ट में आयोजित प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता-2026 में भारत विकास परिषद की विभिन्न शाखाओं ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में भारत विकास परिषद शाखा सुभाष, गंगापुर सिटी के मार्गदर्शन में एसवीएम माध्यमिक विद्यालय, सालोदा, गंगापुर सिटी की टीम ने राजस्थान पूर्व प्रांत में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से शाखा सुभाष और विद्यालय का नाम गौरवान्वित हुआ।
शाखा सुभाष मीडिया प्रमुख धनेश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में टीम ने हिंदी भाषा के गीत वर्ग में प्रथम स्थान और संस्कृत भाषा के गीत वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त किया। दोनों भाषा वर्गों के संयुक्त परिणाम में शाखा सुभाष की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
इस सफलता के साथ टीम आगामी 15 नवंबर 2026 को जयपुर में आयोजित क्षेत्रीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में राजस्थान प्रांत का प्रतिनिधित्व करेगी।
इस अवसर पर प्रांतीय संगठन सचिव आदित्य भारद्वाज ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को राष्ट्रीय समूह गान के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम एवं भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों की मेहनत और प्रतिभा की सराहना करते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
शाखा अध्यक्ष विजय सिंह मीना के नेतृत्व एवं निरंतर प्रोत्साहन, शाखा सचिव के.के. मंगल के सक्रिय सहयोग एवं समन्वय तथा कोषाध्यक्ष जितेंद्र जैमिनी के सहयोग एवं व्यवस्थागत योगदान ने टीम की तैयारी को मजबूती प्रदान की।
प्रतियोगिता की तैयारी में गतिविधि संयोजक-संस्कार सुरेश चंद्र शर्मा और शाखा के राष्ट्रीय समूह गान प्रभारी श्री सुरेंद्र सिंह राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों ने बच्चों की नियमित तैयारी, अभ्यास, अनुशासन एवं मार्गदर्शन के लिए निरंतर मेहनत की। उनके प्रयासों से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देने का अवसर मिला।
राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, सामूहिकता एवं भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान विकसित करने का माध्यम है। समूह में एक साथ गीत प्रस्तुत करने से बच्चों में टीम भावना, आपसी सहयोग, आत्मविश्वास, मंचीय अभिव्यक्ति एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। विभिन्न भाषाओं के गीतों के माध्यम से बच्चे भारत की सांस्कृतिक एवं भाषाई विविधता से भी परिचित होते हैं।
भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की गतिविधि का उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति सकारात्मक भाव, भारतीय संस्कारों एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना है। प्रतियोगिता में बच्चों की सहभागिता उन्हें विद्यालय की सीमाओं से बाहर बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती है।
शाखा सुभाष परिवार ने इस उपलब्धि पर एसवीएम माध्यमिक विद्यालय, सालोदा के सभी प्रतिभागी बच्चों, संगीत शिक्षक एवं पूरी टीम को बधाई देते हुए आगामी क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। शाखा सुभाष परिवार के लिए राजस्थान पूर्व प्रांत में प्रथम स्थान प्राप्त करना उपलब्धि का विषय रहा।