1 अक्टूबर से गया जी में होगा श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ, गंगापुर सिटी से जाएंगे श्रद्धालु
बिहार के प्रसिद्ध मोक्ष तीर्थ स्थल गया जी में 1 से 8 अक्टूबर तक 14वीं श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ होगा। गंगापुर सिटी से श्रद्धालु 30 सितंबर को पारसनाथ एक्सप्रेस से रवाना होंगे।
बिहार के प्रसिद्ध मोक्ष तीर्थ स्थल गया जी में श्री राधा कृष्ण मानस मंडल गंगापुर सिटी के तत्वावधान में 14वीं श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन 1 अक्टूबर 2026 गुरुवार से 8 अक्टूबर 2026 गुरुवार तक किया जाएगा। कथा का आयोजन भागवत प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से होगा। कथा आचार्य श्री मनीषा नंद वैदिक जी वृंदावन वाले होंगे।
कथा आयोजन से जुड़े मोहनलाल मित्तल ठेकेदार ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में भाग लेने वाले संबंधित श्रद्धालुजन 30 सितंबर 2026 बुधवार को प्रातः 11.25 बजे पारसनाथ एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12941 से गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेंगे। ट्रेन 1 अक्टूबर 2026 गुरुवार को प्रातः 5.20 बजे गया जंक्शन पहुंचेगी।
गया जंक्शन पहुंचने के बाद सभी श्रद्धालुओं को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित अमानत घर के पास एकत्रित होना है। यहां से सभी श्रद्धालु बस द्वारा बोध गया में स्थित कथा स्थल सी. के. होटल के लिए प्रस्थान करेंगे।
श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे 30 सितंबर 2026 के लिए दोपहर एवं रात्रि दोनों समय का भोजन, यात्रा का टिकट, आधार कार्ड तथा अपनी आवश्यक दवाइयां साथ लेकर चलें। आवश्यकता के अनुसार अन्य जरूरी सामग्री भी साथ रखने को कहा गया है।