सवाई माधोपुर में चुनाव तैयारियां तेज, जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारी के निर्देश

सवाई माधोपुर में आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए।

Update: 2026-07-30 14:04 GMT

कलक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में उपस्थित विभिन्न प्रकोष्ठों के अधिकारी।

आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनावों की संभावित तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम की अध्यक्षता में गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन कार्य से संबंधित विभिन्न शाखाओं एवं प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपादित करने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा समय-समय पर प्राप्त होने वाले आदेशों के अनुरूप सभी प्रकोष्ठ अभी से अपनी कार्ययोजना तैयार कर लें और प्रत्येक कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने की तैयारी रखें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत संवेदनशील एवं समयबद्ध प्रक्रिया है, इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय, जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शाखा एवं प्रकोष्ठ अपने कार्यों की विस्तृत चेकलिस्ट तैयार करे, आवश्यक संसाधनों का पूर्व आकलन करे तथा किसी भी प्रकार की आवश्यकता अथवा कमी की जानकारी समय रहते जिला निर्वाचन शाखा को उपलब्ध कराए। इसके साथ ही निर्वाचन संबंधी तैयारियों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में निर्वाचन शाखा, कार्मिक प्रबंधन, प्रशिक्षण, मतदान दल गठन, सामग्री प्रबंधन, वाहन एवं परिवहन व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता, मीडिया प्रबंधन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार, मतदाता जागरूकता, व्यय निगरानी, शिकायत निवारण, नियंत्रण कक्ष, विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, स्ट्रांग रूम, मतगणना, डाक मतपत्र, वीडियोग्राफी, वेबकास्टिंग एवं अन्य निर्वाचन प्रकोष्ठों से संबंधित तैयारियों और दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के समापन पर जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना करते हुए टीम भावना के साथ कार्य करने तथा आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण रखने के निर्देश दिए।

Tags:    

Similar News