2 अगस्त को पीएम मोदी करेंगे ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ, 1 करोड़ युवा जुड़ेंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2 अगस्त 2026 को “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत देशभर के युवाओं को वर्चुअल संबोधित करेंगे। एक करोड़ से अधिक युवाओं की भागीदारी वाले इस अभियान में शपथ, प्रतियोगिताओं और जागरूकता कार्यक्रमों के साथ 100 सप्ताह की गतिविधियों की शुरुआत होगी।
सवाई माधोपुर, 31 जुलाई। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 2 अगस्त 2026 को “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत द्वारा संचालित इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए जागरूक करना और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
यह अभियान युवाओं की सहभागिता के माध्यम से नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ खेल, संस्कृति, सामुदायिक गतिविधियों और सकारात्मक सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। यह पहल प्रधानमंत्री के “नशा मुक्त भारत” तथा “विकसित भारत/2047” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम से देशभर के लगभग 10 हजार स्थानों से एक करोड़ से अधिक युवा जुड़ेंगे। इनमें माय भारत स्वयंसेवक, एनएसएस स्वयंसेवक, युवा मंडल, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी, विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएँ, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न संस्थाओं के युवा सदस्य शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी “नशा मुक्ति शपथ” लेंगे और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराएंगे। इसी अवसर पर 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार आयोजित किए जाने वाले “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का भी शुभारंभ होगा। इसके अंतर्गत नियमित रूप से खेल, सांस्कृतिक, फिटनेस, जागरूकता, ध्यान तथा सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
देशभर के कार्यक्रम स्थलों पर वॉकाथॉन, खेल एवं फिटनेस गतिविधियाँ, योग एवं ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैलियाँ तथा अन्य जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही माय भारत पोर्टल पर संचालित ई-प्रतिज्ञा अभियान के माध्यम से नागरिकों, विशेषकर युवाओं को, नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए ऑनलाइन संकल्प लेने हेतु प्रेरित किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत लोकगीत, माइम, लघु फिल्म/रील, चित्रकला, वाद-विवाद और स्लोगन लेखन जैसी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जबकि उत्कृष्ट प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
इसके अतिरिक्त ग्राम सभाओं में नशा मुक्त संकल्प सभाएँ, विशेषज्ञों द्वारा जागरूकता एवं परामर्श सत्र, हस्ताक्षर अभियान, सोशल मीडिया जागरूकता अभियान, अभिभावकों के लिए संवेदनशीलता कार्यक्रम तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों एवं ग्रामों को सम्मानित करने सहित अनेक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान का समापन 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा सम्मेलन के साथ होगा, जिसमें देशभर के उत्कृष्ट प्रतिभागियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं की व्यापक भागीदारी के माध्यम से नशामुक्त भारत के संकल्प को जनआंदोलन का स्वरूप देना है।