गंगापुर सिटी के दशहरा मैदान में गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर आयोजित हस्ताक्षर अभियान के दौरान प्रपत्र सौंपते गौ सेवक और आयोजक।

गंगापुर सिटी में गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर दशहरा मेले में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत दशहरा मैदान में काउंटर लगाकर लोगों से निर्धारित प्रपत्र पर हस्ताक्षर करवाए गए। अभियान में हजारों लोगों ने भाग लिया। अब अभियान के तृतीय चरण की तैयारियां की जा रही हैं, जिसके तहत 17 दिसंबर 2026 को जयपुर में राजस्थान के मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की योजना है।

अभियान के जिला प्रभारी गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करवाने के उद्देश्य से सर्व हिंदू समाज एवं साधु-संतों के सानिध्य में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के प्रथम और द्वितीय चरण पूरे हो चुके हैं। इसके बाद अब तृतीय चरण को गति देने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

इसी क्रम में दशहरा मैदान में हस्ताक्षर अभियान के लिए काउंटर लगाया गया, जहां लोगों ने निर्धारित प्रपत्र पर हस्ताक्षर कर अभियान में भागीदारी निभाई। अभियान के प्रचार-प्रसार को गति देने के लिए रथ तैयार करने की स्वीकृति भी दी गई है। निर्धारित समितियां जिले की पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर हस्ताक्षर अभियान चलाएंगी। साथ ही लोगों को 17 दिसंबर 2026 को जयपुर पहुंचने के लिए आमंत्रित करेंगी, जहां राजस्थान के मुख्यमंत्री को गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया जाएगा।

गोविंद नारायण शर्मा ने गौशाला संचालकों, गौ सेवकों, गौ प्रेमियों, नगर परिषद क्षेत्र के वार्डवासियों और पार्षदों से अभियान में अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करवाने और गोहत्या के कलंक से देश को मुक्त करने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना है।

हस्ताक्षर अभियान के अवसर पर कृपा शंकर उपाध्याय, शिवनारायण गुप्ता, प्रसन्न कुमार सुराणा, नंदकिशोर अग्रवाल, इंद्रदेव गुप्ता, मुकेश कुमार मीणा, ओमप्रकाश गुप्ता, कृष्णानंद दीक्षित, ओमप्रकाश शर्मा, रामनिवास गर्ग, नागेश कुमार शर्मा, शंभूदयाल गुप्ता, पूनम जगबानी, राधा दीक्षित एवं उषा देवी सहित विभिन्न गौशालाओं के संचालक और दर्जनों गौ सेवक उपस्थित रहे। अभियान के आगामी चरण में जिले की पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर हस्ताक्षर जुटाने तथा जयपुर में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की जा रही है।

Tags: