राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: वजीरपुर में मतदाता जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित
एसडीएम महिपाल सिंह के निर्देश पर राजकीय विद्यालयों में कार्यशालाएं आयोजित कर नए मतदाताओं के पंजीकरण और नोटा के महत्व पर जोर दिया गया।
वजीरपुर में पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता जागरूकता कार्यशाला आयोजित।
राजस्थान में पंचायत चुनाव 2026 को लेकर वजीरपुर उपखंड में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) एवं एसडीएम जिला सवाई माधोपुर श्रीमान महिपाल सिंह के निर्देशानुसार आयोजित इन कार्यशालाओं में मतदाता पंजीकरण, नोटा के महत्व और मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
सोहन लाल गुप्ता (उप प्रधानाचार्य) स्वीप प्रभारी वजीरपुर के नेतृत्व में नरेश सिसोदिया और कैलाश मीणा ने उपखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में मतदाता जागरूकता गतिविधियों के आयोजन में भाग लिया। श्यारोली में प्रभू लाल बैरवा और अमर सिंह मीणा, पीलोदा में कैलाश चंद्र गुप्ता, नीरज कुमार शर्मा, नंदलाल बैरवा और धर्मवीर मंडावत तथा किशोरपुरा में मुकेश लीला और रायपुर में भवानी शंकर जी के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की गईं।
सोहन लाल गुप्ता (उप प्रधानाचार्य) स्वीप प्रभारी वजीरपुर ने बताया कि कार्यशालाओं के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने मतदाता पंजीकरण के लिए प्रपत्र 6 के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनवरी 2027 में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता भी अपना फॉर्म भर सकते हैं।
कार्यशालाओं में मतदाताओं को नोटा के महत्व से भी अवगत कराया गया। इसके साथ ही मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए "सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो", "मेरा वोट, मेरी ताकत" और "वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है" जैसे नारों को शामिल किया गया।
वजीरपुर उपखंड में आयोजित इन कार्यशालाओं के माध्यम से मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया और मतदान के महत्व की जानकारी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों तक पहुंचाई गई। पंचायत चुनाव 2026 के मद्देनजर यह अभियान मतदाताओं को उनके अधिकारों और मतदान के प्रति जिम्मेदारी से परिचित कराने पर केंद्रित रहा।