सवाई माधोपुर में मातृ शिशु स्वास्थ्य दिवस पर टीकाकरण अभियान, एचआरपी गर्भवतियों की पहचान कर दिए उपचार के निर्देश

सवाई माधोपुर में मातृ शिशु स्वास्थ्य दिवस पर गर्भवती महिलाओं व बच्चों का टीकाकरण हुआ। एचआरपी गर्भवतियों की पहचान कर अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

Update: 2026-07-30 14:06 GMT

तस्वीर में स्वास्थ्य केंद्र के अंदर एक कमरे में बाएं से दाएं: एक व्यक्ति मोबाइल देखते हुए, एक अधिकारी मेज पर रखे स्वास्थ्य रजिस्टरों की जांच करते हुए, एक व्यक्ति खड़े होकर देखते हुए और दाएं कोने में बैठी एक स्वास्थ्य कर्मी पेन व फोन पकड़े नजर आ रही हैं।

जिले में गुरुवार को मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर चिकित्सा विभाग के कार्मिकों और आशा कार्यकर्ताओं ने जिलेभर में निर्धारित स्थलों पर टीकाकरण सत्र आयोजित कर गर्भवती महिलाओं और बच्चों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराईं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि जिला स्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने विभिन्न एमसीएचएन सत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संस्थानों पर व्यवस्थाओं की जांच की गई तथा विभिन्न रजिस्टर, पंजीकरण, उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों की पहचान, लाइन लिस्ट, जांच और टीकाकरण संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। उन्होंने क्षेत्र में आने वाली गर्भवती महिलाओं में उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों की पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

सीएमएचओ ने बताया कि मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (एमसीएचएन डे) के तहत गर्भवती महिलाओं और बच्चों का नियमित टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं का पंजीयन कर उनकी प्रसव पूर्व जांच की गई, आवश्यक परामर्श दिया गया तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को आयरन फोलिक एसिड की गोलियां वितरित की गईं। साथ ही उन्हें पोषण, स्वच्छता और समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। चिकित्सा दलों ने माताओं को सुरक्षित प्रसव और शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े रहने की सलाह दी। इसके अलावा गर्भवतियों को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया गया।

जिले में माइक्रोप्लान के अनुसार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने सभी सत्रों की मॉनीटरिंग ODK Collect Software के माध्यम से कर उसकी रिपोर्ट भी दर्ज की। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी, उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों की समय पर पहचान और टीकाकरण व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

Tags:    

Similar News