पीएनएम बैठक में बेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ ने उठाईं कर्मचारियों की समस्याएं, 4 करोड़ से अधिक ओवरटाइम भुगतान

कोटा मंडल में आयोजित पीएनएम बैठक में बेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ ने रेल कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। 4 करोड़ रुपये से अधिक ओवरटाइम भुगतान, अस्पताल पैनल, हाई स्पीड नेटवर्क, पदोन्नति और रेलवे कॉलोनी से जुड़े कई अहम मुद्दों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

Update: 2026-07-30 11:48 GMT

तस्वीर में कोटा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सभागार में आयोजित स्थाई वार्ता तंत्र (पीएनएम) की बैठक के दौरान उपस्थित रेल प्रशासन और मजदूर संघ के अधिकारी नजर आ रहे हैं।

गंगापुर सिटी। बेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ एवं रेल प्रशासन के बीच वर्ष की तृतीय स्थाई वार्ता तंत्र (पीएनएम) की बैठक बुधवार एवं गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सभागार, कोटा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने की। बैठक में रेल कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं पर चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण विषयों पर त्वरित निर्णय लिए गए।

मंडल सचिव अब्दुल खालिक ने बताया कि मजदूर संघ ने मंडल रेल प्रबंधक के समक्ष रेल कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। लंबे समय से लंबित ओवरटाइम भत्तों के भुगतान की मांग पर रेल प्रशासन ने जानकारी दी कि पूरे कोटा मंडल में 4 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जाएगा।

बैठक में लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर को पुराने बीएचएफ सेट के स्थान पर नए बीएचएफ सेट उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। इसके साथ ही कोटा मंडल के सभी कार्यालयों को शीघ्र हाई स्पीड नेटवर्क से जोड़ने का मुद्दा भी उठाया गया, ताकि ऑनलाइन कार्यों का संचालन तेजी से किया जा सके।

बैठक के दौरान बताया गया कि एमआरसी अस्पताल एवं महावीर कैंसर हॉस्पिटल को कोटा मंडल के पैनल में शामिल कर लिया गया है। वहीं महात्मा गांधी हॉस्पिटल को भी स्वीकृति मिलते ही पैनल में जोड़ दिया जाएगा।

मजदूर संघ ने एस एंड टी विभाग के सभी ड्यूटी रूम अपग्रेड करने, कर्मचारियों की मांग के अनुरूप नेम नोटिंग नीति में सुधार करने तथा एचआरएमएस में अवकाश स्वीकृति की समय सीमा निर्धारित करने सहित विभिन्न विषयों को भी उठाया, जिन पर सहमति बनी।

बैठक में सिग्नल विभाग के कर्मचारियों को सिग्नल फेल होने की स्थिति में ब्रेकडाउन अलाउंस दिए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया। इस पर प्रशासन ने जानकारी दी कि वर्ष के दौरान कोटा मंडल में इंजीनियरिंग, टीआरएस, केरिज वेगन, रनिंग तथा एस एंड टी विभाग के 1225 कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है।

संघ की ओर से रेलवे कॉलोनियों में छतों की मरम्मत, सड़क एवं नालियों के सुधार तथा रेल आवासों के फर्श सहित विभिन्न समस्याओं से भी रेल प्रशासन को अवगत कराया गया। बैठक में गंगापुर सिटी से मंडल कोषाध्यक्ष डीके शर्मा, केंद्रीय सदस्य पीसी मीणा तथा शाखा अध्यक्ष आरडी मीणा ने भाग लिया।

Tags:    

Similar News