सवाई माधोपुर: रबी फसल के लिए उर्वरक नियंत्रण कक्ष स्थापित, देखें नंबर
डीएपी और यूरिया वितरण की निगरानी के लिए कृषि विभाग ने कंट्रोल रूम बनाया है, जहां किसान फोन कर उर्वरक संबंधी समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
सवाई माधोपुर में आगामी रबी सीजन के दौरान किसानों को डीएपी, यूरिया सहित अन्य उर्वरकों की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय उर्वरक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से उर्वरकों की उपलब्धता, एफएफएस ऐप पर ऑनलाइन बुकिंग और वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी।
सवाई माधोपुर, 19 सितम्बर। किसानों को रबी सीजन में उर्वरकों की उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार), जिला परिषद सवाई माधोपुर कार्यालय में जिला स्तरीय उर्वरक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
यह नियंत्रण कक्ष आगामी आदेशों तक संचालित रहेगा। इसके माध्यम से एफएफएस ऐप पर उर्वरक खरीद की ऑनलाइन बुकिंग एवं वितरण, उर्वरकों की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था की निरंतर निगरानी की जाएगी। किसानों से दूरभाष पर प्राप्त सूचनाओं एवं शिकायतों का संधारण किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर उनके समाधान को सुनिश्चित किया जाएगा।
उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण से संबंधित किसी समस्या या शिकायत की स्थिति में किसान बृजेश कुमार मीणा, सहायक निदेशक, कार्यालय उप निदेशक उद्यान, सवाई माधोपुर से मो. 8949246500 पर संपर्क कर सकते हैं।
इसी प्रकार देवेन्द्र कुमार मीणा, कृषि अनुसंधान अधिकारी, कार्यालय उप निदेशक कृषि एवं फसल उत्कृष्टता केन्द्र, सवाई माधोपुर से मो. 8432858924 पर तथा रामजीत मीणा, उप परियोजना निदेशक (आत्मा), कार्यालय उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक (आत्मा), सवाई माधोपुर से मो. 7976375332 पर संपर्क किया जा सकता है।
कृषि विभाग द्वारा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।