करौली में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, 34 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
करौली में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने ध्वजारोहण कर मार्चपास्ट की सलामी ली। समारोह में पांचना बांध की वितरिकाओं में जल प्रवाह और जिले की 34 प्रतिभाओं के सम्मान का जिक्र रहा।
तस्वीर में बाएं से पुलिस अधीक्षक, जिला कलक्टर और एक छात्र नजर आ रहे हैं, जो स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह के साथ खड़े हैं।
जिले भर में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूर्ण गरिमा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह जिला कलक्टर अक्षय गोदारा के मुख्य आतिथ्य में सोमवार को मुंशी त्रिलोकचन्द माथुर स्टेडियम में आयोजित हुआ। समारोह की शुरुआत प्रातः 9 बजे जिला कलक्टर द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर मार्चपास्ट की सलामी ली।
परेड कमाण्डर सब इंस्पेक्टर वीर सिंह के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस, राजस्थान महिला पुलिस, राजस्थान सशस्त्र पुलिस बल, होमगार्ड की टुकड़ियों, एनसीसी, हिन्दुस्तान स्काउट, भारत स्काउट एवं पुलिस बैण्ड की धुन पर मार्चपास्ट में भाग लिया।
समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर महावीर सिंह ने माननीय राज्यपाल महोदय के राज्य के नाम संदेश का पठन किया। संदेश में कहा गया कि प्रदेश एवं जिले में सामाजिक सौहार्द को मजबूत कर विकास में बाधक रही वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान निकाला जा रहा है। जिले के पांचना बांध की वितरिकाओं में लगभग 2 दशक बाद जल प्रवाहित किया जाना इसका एक उदाहरण है, जिसमें दोनों पक्षों को जाजम पर बैठाकर समस्या का समाधान करवाया गया है।
इसके बाद स्कूली छात्र-छात्राओं ने सामूहिक व्यायाम एवं सूर्य नमस्कार का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर ने वीरांगनाओं को सम्मानित किया। साथ ही जिले की 34 प्रतिभाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए भारत के वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपने लक्ष्य के प्रति अग्रसर होकर देश सेवा के लिए संकल्प लेना चाहिए। साथ ही देश के विकास में अपना योगदान देना चाहिए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय करौली की छात्राओं ने देशभक्ति व मां से माटी नृत्य प्रस्तुत किया। केन्द्रीय विद्यालय करौली के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम्, सुजलाम् सफलाम मलयज व जागो री अब तीन रंग प्रस्तुत किए। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने दुल्हन चली व तीन रंग तथा स्व. चि. रा. मा. विद्यालय के विद्यार्थियों ने गूंजेगा, गूंजेगा नृत्य प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने अभिवादन करते हुए छात्र-छात्राओं का भरपूर उत्साहवर्धन किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
34 प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा छात्र अमन राजौरिया, छात्र पीयूष बंसल, छात्र क्षितिज कुमार गर्ग, प्रधानाचार्य ओमप्रकाश मीना, उप प्राचार्य सुमेर चंद चतुर्वेदी, डॉ. सोनिया रावत, डॉ. गणेश सिंह मीना, नर्सिंग अधिकारी गोपाल लाल शर्मा, वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी अमित सिंह जादौन, डाटा एंट्री ऑपरेटर छैल बिहारी वर्मा, वीओ डॉ. सुखवीर सिंह गुर्जर, अध्यापिका ज्ञानवती जाट, व्याख्याता श्यामलाल बैरवा, उप प्राचार्य सुरेश चंद योगी, तहसीलदार (जनगणना अधिकारी) श्रीराम मीना, सांख्यिकी अधिकारी बालकृष्ण गुप्ता, सहायक प्रशासनिक अधिकारी हरकेश माली, वरिष्ठ सहायक मनरूप जाटव, पटवारी खेमसिंह मीना, वरिष्ठ सहायक शुभम अग्रवाल, वनरक्षक मोनाली खत्री, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शीतल माली, आशा सहयोगिनी सुनीता गुर्जर, सफाई कर्मचारी बबीता एवं गुड्डी, शिशु गृह करौली के प्रबंधक प्रवीण कुमार गुर्जर, नागरिक सुरक्षा के जलसिंह जाटव, नीरज प्रजापत, देवेन्द्र सिंह गुर्जर, भावना शुक्ला, दैनिक भास्कर के जिला प्रभारी सुनील पाराशर, दैनिक नवज्योति के जिला प्रभारी कृष्ण गोपाल शुक्ला, मेकेनिक ग्रैड प्रथम मोहम्मद तजम्मुल तथा सी कंपनी एसडीआरएफ की टीम (नरपत सिंह कम्पनी कमांडर) को जिले में सराहनीय कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि ने सभी पुरस्कारार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए। समारोह में पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल, अतिरिक्त जिला कलेक्टर महावीर सिंह, उपखण्ड अधिकारी राकेश कुमार रावत, एडीपीएस अनिल जैन, उप वन संरक्षक ओम प्रकाश जांगिड एवं संजीव शर्मा, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक धर्मेन्द्र कुमार मीना सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। समारोह में स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव के साथ जिले की उपलब्धियों, सामाजिक सौहार्द और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान प्रमुख आकर्षण रहा।