सवाई माधोपुर ज्वैलर लूटकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, कर्ज में डूबे आरोपी ने रेकी कर रची थी पूरी साजिश

सवाई माधोपुर के मानटाउन थाना पुलिस ने ज्वैलर लूटकांड के मास्टरमाइंड लोकेश कुमार मीना को जयपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि कर्ज में डूबे आरोपी ने रेकी कर पूरी वारदात की साजिश रची थी। मामले में पहले ही कई आरोपी और स्कॉर्पियो वाहन बरामद किए जा चुके हैं।

Update: 2026-07-30 11:45 GMT

तस्वीर में बाएं तरफ आरोपी लोकेश कुमार मीना और दाएं तरफ हेड कांस्टेबल बुद्धप्रकाश नजर आ रहे हैं।

सवाई माधोपुर जिले के मानटाउन थाना पुलिस ने ज्वैलर लूटकांड के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने प्रकरण संख्या 236/2026 में वांछित फरार आरोपी लोकेश कुमार मीना पुत्र रामेश्वर मीना, जाति मीना, उम्र 28 वर्ष, निवासी थाना सपोटरा, जिला करौली को 29 जुलाई 2026 को जगतपुरा, जयपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर श्री विजय सिंह तथा पुलिस उपाधीक्षक शहर सवाई माधोपुर श्री राजेन्द्र कुमार मीणा के सुपरविजन में थाना मानटाउन के थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम प्रभारी सहायक उप निरीक्षक श्री जगराम की टीम ने की।

पुलिस के अनुसार आरोपी लोकेश कुमार मीना ही पूरी वारदात का मास्टरमाइंड है। वह भारी आर्थिक तंगी और कर्ज में डूबा हुआ था। कर्ज से छुटकारा पाने के लिए उसने आसान तरीके से बड़ी रकम हासिल करने की योजना बनाई और इसी उद्देश्य से ज्वैलर को निशाना बनाने का षड्यंत्र रचा।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले ज्वैलर की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी। उसने यह पता लगाया कि ज्वैलर किस समय दुकान बंद करता है, किस रास्ते से घर जाता है, उसके पास कितना माल और नकदी रहती है तथा रास्ते में कौन-सा स्थान वारदात के लिए सबसे उपयुक्त रहेगा। लगातार रेकी करने के बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ बैठकर पूरी योजना तैयार की। प्रत्येक आरोपी की भूमिका पहले से तय की गई। किसी को रास्ता रोकने, किसी को बैग छीनने तथा किसी को मौके से सुरक्षित फरार कराने की जिम्मेदारी दी गई। वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन की भी पहले से व्यवस्था कर ली गई थी ताकि घटना के बाद सभी आरोपी तेजी से फरार हो सकें।

पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में इससे पहले आशीष सैन पुत्र महावीर, उम्र 21 वर्ष, निवासी अरणिया, थाना गंगापुर सदर, जिला सवाई माधोपुर, रवि पुत्र हेमराज मीणा, उम्र 20 वर्ष, निवासी पट्टी कलां, बामनवास, जिला सवाई माधोपुर, दिलखुश पुत्र चेतराम, जाति मीना, उम्र 23 वर्ष, निवासी गढ़खेड़ा, थाना गढ़खेड़ा, जिला करौली, अशोक कुमार मीना पुत्र रामेश्वर मीना, उम्र 23 वर्ष, निवासी जोड़ली, थाना सपोटरा, जिला करौली तथा प्रशांत कांवटिया पुत्र मुकेश कुमार, उम्र 22 वर्ष, निवासी कैमां, थाना नादौती, जिला करौली, हाल बजरंग कॉलोनी, जगतपुरा, जयपुर, जिसे गाड़ी मालिक बताया गया है, को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किया जा चुका है।

मामले के अनुसार 17 जुलाई 2026 को ज्वैलर दिनेश गोयल इन्द्रा कॉलोनी स्थित अपनी दुकान बंद कर लगभग पौने आठ बजे मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान इन्द्रा कॉलोनी स्थित मानटाउन बालिका विद्यालय के पास चार बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल को जबरन रोककर उन्हें नीचे गिरा दिया। इसके बाद बदमाश उनका बैग छीनकर फरार हो गए तथा उनके गले से सोने की चेन तोड़ने का भी प्रयास किया। पीड़ित ज्वैलर के बैग में लगभग 26 ग्राम सोना और लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये नकद थे। घटना के संबंध में प्रकरण दर्ज कर अज्ञात अभियुक्तों की सुरागरसी और पतारसी के सार्थक प्रयास किए गए।

पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में हैड कांस्टेबल श्री बुध्दीप्रकाश की अहम भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना मानटाउन के थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक श्री सुनील कुमार गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक श्री जगराम, सहायक उप निरीक्षक श्री संजय, हैड कांस्टेबल श्री बुध्दीप्रकाश (हैड कांनि 1293, विशेष भूमिका), कांस्टेबल श्री जगदीश (कानि 1366) तथा कांस्टेबल श्री विजय (कानि 109) शामिल रहे। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने ज्वैलर लूटकांड की साजिश, उसके मुख्य सूत्रधार और वारदात में प्रयुक्त वाहन तक पहुंच बनाते हुए मामले की जांच को महत्वपूर्ण मुकाम तक पहुंचाया है।

Tags:    

Similar News