हिण्डौन सिटी में 23 अगस्त को होगा 63वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, बैनर का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने किया विमोचन
हिण्डौन सिटी में भारत विकास परिषद् द्वारा 23 अगस्त को आयोजित होने वाले 63वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के बैनर का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतेन्द्र पाल सिंह ने विमोचन किया। जानिए शिविर की समय-सारिणी, रक्त संग्रहण करने वाली टीमों और आयोजन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारी।
तस्वीर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतेन्द्र पाल सिंह और भारत विकास परिषद् हिण्डौन सिटी शाखा के सदस्य जिला चिकित्सालय के बाहर आगामी 63वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के बैनर का विमोचन करते हुए नजर आ रहे हैं।
हिण्डौन सिटी में भारत विकास परिषद्, शाखा हिण्डौन सिटी द्वारा आगामी 23 अगस्त (रविवार) को जिला चिकित्सालय में आयोजित किए जाने वाले 63वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के बैनर का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतेन्द्र पाल सिंह ने विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि "रक्तदान महादान है" तथा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करना बेहद पुनीत एवं प्रशंसनीय कार्य है।
रक्तदान प्रकल्प प्रभारी मोहित मित्तल ने बताया कि परिषद् द्वारा 63वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर 23 अगस्त (रविवार) को प्रातः 9 बजे से सांय 3 बजे तक जिला चिकित्सालय, हिण्डौन सिटी में आयोजित किया जाएगा। यह शिविर भामाशाह बृज किशोर शर्मा, निदेशक राजीव गांधी सर्वोदय विकास संस्थान, बनकी रोड़, हिण्डौन सिटी के सहयोग से उनके पौत्र रुद्रांश भारद्वाज, पुत्र भविष्य भारद्वाज के प्रथम जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर में जिला चिकित्सालय करौली एवं जयपुरिया अस्पताल, जयपुर की ब्लड बैंक की टीमें रक्त संग्रहण करेंगी।
प्रांतीय सेवा गतिविधि संयोजक देवेन्द्र शर्मा एवं शाखा अध्यक्ष राजेन्द्र गुप्ता (बजाज) ने बताया कि परिषद् विगत 21 वर्षों से ब्लड बैंकों में रक्त की आपूर्ति में सहयोग करने तथा जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करती आ रही है। उन्होंने कहा कि शाखा के सभी सदस्यों एवं मातृशक्ति के सामूहिक योगदान से प्रत्येक शिविर में नियमित रक्तदाताओं के साथ-साथ नए रक्तदाताओं को भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य रखा जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत विकास परिषद् के राजस्थान पूर्व प्रांत में हिण्डौन शाखा को प्रतिवर्ष रक्तदान प्रकल्प की उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया जाता है।
शाखा सचिव योगेश गुप्ता ने बताया कि बैनर विमोचन समारोह में भामाशाह बृज किशोर शर्मा, भविष्य भारद्वाज, प्रांतीय संस्कार गतिविधि (भारत को जानो) सदस्य पंकज जैन, सलाहकार सदस्य अशोक गर्ग, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण गुप्ता, सेवा गतिविधि संयोजक अशोक गुप्ता, संगठन सचिव नरेश रामपुरा, विष्णु जिंदल, दौलत धाकड़, मुकेश बंसल सहित शाखा के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। आगामी 23 अगस्त को आयोजित होने वाला यह 63वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर जरूरतमंदों के लिए रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परिषद् की सतत सेवा गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।