तस्वीर में नई दिल्ली में आयोजित गौ सम्मान आह्वान अभियान की केंद्रीय समीक्षा बैठक के दौरान मंच पर साधु-संतों और गौ सेवक नजर आ रहे हैं।

गंगापुर सिटी। गौ माता सम्मान आह्वान अभियान की केंद्रीय समीक्षा बैठक नई दिल्ली में आयोजित की गई, जिसमें देशभर से आए साधु-संतों एवं गौ सेवकों ने भाग लेकर अभियान की प्रगति की समीक्षा की और आगामी चरण की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।

अभियान के जिला प्रचारक गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि गंगापुर सिटी से भी गौ सेवकों का प्रतिनिधिमंडल इस केंद्रीय समीक्षा बैठक में शामिल हुआ। बैठक के दौरान अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने बताया कि साधु-संतों एवं भारतभर के गौ सेवकों की सहमति से गौ माता राष्ट्र माता अभियान के तीसरे चरण का आयोजन 17 दिसंबर 2026 को करने का निर्णय लिया गया है। इस चरण के तहत व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिकाधिक लोगों के हस्ताक्षर एकत्र किए जाएंगे।

अभियान के अंतर्गत एकत्रित हस्ताक्षरों के साथ राजस्थान की राजधानी जयपुर में विशाल ज्ञापन सौंपा जाएगा। अभियान का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्र माता का सम्मान दिलाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना तथा इस विषय पर व्यापक जनसमर्थन जुटाना है।

बैठक के समापन पर सभी गौ सेवकों ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया और अधिक से अधिक लोगों से इस जनजागरण अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। जय गौ माता।

Tags: