तस्वीर में जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए नजर आ रहे हैं।

आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम की अध्यक्षता में गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूचियों में फोटो, नाम, लिंग सहित अन्य प्रविष्टियों में मौजूद त्रुटियों को तत्काल सुधार कर संशोधित सूचियां तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए मतदाता सूचियों का शुद्ध और अद्यतन होना आवश्यक है।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की समीक्षा में कई अशुद्धियां सामने आई हैं। उन्होंने निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सूचियों को दुरुस्त करने के लिए बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ स्वयं बैठक कर समीक्षा करें तथा नाम, लिंग और फोटो से संबंधित कमियों को आगामी दो दिन में सही करें।

उन्होंने सभी संबंधित उपखण्ड अधिकारियों एवं तहसीलदारों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करते हुए निर्वाचन से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूचियों को अद्यतन करने के साथ ही मतदान केन्द्रों एवं वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों की पहचान, मतदान कार्मिकों की उपलब्धता एवं प्रशिक्षण तथा निर्वाचन सामग्री सहित आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने को कहा।

काना राम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए ईआरओ एवं एईआरओ अपने-अपने क्षेत्रों में निर्वाचन तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग करें और पुलिस एवं संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखें।

उन्होंने निर्वाचन संबंधी शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण करने, नियमानुसार सहायक मतदान केंद्र बनाने तथा सभी मतदान केन्द्रों पर पेयजल, बिजली, छाया, शौचालय, रैंप एवं व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन से संबंधित लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण करने और मतदाताओं के लिए जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में दिए गए निर्देशों के तहत चुनावी तैयारियों को निर्धारित समय में पूरा करने पर विशेष फोकस किया गया।

Tags: