सवाई माधोपुर स्थित श्री राधाकृष्ण गौशाला में गो सम्मान आह्वान अभियान के तृतीय चरण की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद संत और गो भक्त।

सवाई माधोपुर में गो सम्मान आह्वान अभियान के तृतीय चरण को सफल बनाने की तैयारियों को लेकर सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को रात 7 बजे श्री राधाकृष्ण गौशाला, भेरू दरवाजा में जिले के गो भक्तों की बैठक आयोजित की गई। राष्ट्रीय संत गोपालानन्द सरस्वती के कृपा पात्र संत गोबर गोपाल दास जी एवं सवाई माधोपुर क्षेत्र के संत किशोरी दास जी महाराज के सानिध्य में आयोजित बैठक में खण्डार, बोली, गंगापुर, मलारना, बरवाड़ा एवं सवाईमाधोपुर के गो भक्तों ने भाग लिया।

बैठक में गोबर गोपाल दास जी ने बताया कि सम्पूर्ण देश में गो माता को राष्ट्र माता बनाने के लिए गो सम्मान आह्वान अभियान चल रहा है। अभियान के प्रथम चरण में 27 अप्रैल और द्वितीय चरण में 27 जुलाई को जिला स्तर पर गो भक्तों का उत्साह देखने को मिला। इसके बाद सरकार की आँख खुली और संतों को चर्चा के लिए आमंत्रित किया गया। संतों और सरकार के बीच सकारात्मक चर्चा हुई, लेकिन केवल आश्वासन से संतुष्ट नहीं होकर संतों ने अभियान के तृतीय चरण में आगे की रणनीति तय की है।

तृतीय चरण के तहत 17 दिसंबर को ग्राम पंचायत से लेकर जिला एवं प्रान्त स्तर के गो भक्तों के 5 करोड़ हस्ताक्षर के साथ राजस्थान के महामहिम राज्यपाल जी एवं माननीय मुख्यमंत्री जी को प्रार्थना पत्र देने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत से 2100 सौ हस्ताक्षर और 50 गो भक्तों के साथ 17 दिसंबर को जयपुर में एकत्रित होकर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री महोदय को गोमाता को राष्ट्र माता बनाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया जाएगा।

तृतीय चरण की सुचारु व्यवस्थाओं के लिए रामअवतार गौतम को जिला प्रभारी बनाया गया है। वहीं गोवत्स रोहितदास सिंहल एवं भवानी यादव को जिला सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इनके साथ जिले से भी गो भक्तों को जोड़ा गया है, ताकि तृतीय चरण की तैयारियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जा सके।

बैठक में गो भक्त जगदीश अग्रवाल, महेश गौतम, सुभाष गर्ग, कपिल अग्रवाल, बलराम सोनी, सीमा सोनी, विवेक गुप्ता, सत्यदेव चौधरी, नरेन्द्र मोहन गर्ग उर्फ पिंटू दलाल, प्रदीप चौधरी, गोविन्द मित्तल सहित अन्य गो भक्त मौजूद रहे। 17 दिसंबर को जयपुर में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र सौंपने के निर्णय के साथ सवाई माधोपुर में अभियान के तृतीय चरण की तैयारियों को गति दी गई है।

Tags: