गंगापुर सिटी में वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन ने सेवानिवृत्त वरिष्ठ पदाधिकारियों का किया भव्य सम्मान

गंगापुर सिटी में वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन ने सेवानिवृत्त कामरेड नरेंद्र जैन और कामरेड श्री प्रकाश शर्मा का भव्य सम्मान किया। जानिए समारोह की पूरी जानकारी।

Update: 2026-07-31 10:24 GMT

गंगापुर सिटी में आयोजित अभिनंदन समारोह के दौरान (बाएं से दाएं) अन्य यूनियन सदस्यों के साथ साफा व माला पहने स्मृति-चिन्ह हाथ में लिए खड़े सेवानिवृत्त वरिष्ठ रेलकर्मी कामरेड नरेंद्र जैन और कामरेड श्री प्रकाश शर्मा।

गंगापुर सिटी में वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन द्वारा यूनियन कार्यालय में आयोजित गरिमामय एवं भावपूर्ण अभिनंदन समारोह में भारतीय रेल की गौरवशाली सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो रहे वरिष्ठ रेलकर्मी, यूनियन के मंडल उपाध्यक्ष कामरेड नरेंद्र जैन तथा मुख्य कर्षण क्रू नियंत्रक एवं मंडल सह सचिव कामरेड श्री प्रकाश शर्मा का आत्मीय एवं भव्य सम्मान किया गया। समारोह में रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी, सेवानिवृत्त रेलकर्मी, यूनियन पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में शुभचिंतक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ अर्पण के साथ हुआ। इसके बाद दोनों वरिष्ठ साथियों का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर, शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित सभी साथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच दोनों सम्मानित साथियों के प्रति अपना स्नेह, सम्मान एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कामरेड नरेंद्र जैन ने लगभग 39 वर्ष 2 माह की गौरवशाली रेल सेवा के दौरान सदैव ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुशासन का परिचय दिया। उन्होंने रेल कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, संगठन को सशक्त बनाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष किया। वर्ष 1990 से उन्होंने रेलवे कर्मचारियों के साथ-साथ असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के अधिकारों की आवाज बुलंद करते हुए अनेक कर्मचारी हित एवं जनहित आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई। सामाजिक क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी को वक्ताओं ने प्रेरणादायी बताया।

वक्ताओं ने मंडल सह सचिव कामरेड श्री प्रकाश शर्मा के व्यक्तित्व एवं सेवाओं की भी मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री प्रकाश शर्मा ने अपने संपूर्ण सेवा काल में मुख्य कर्षण क्रू नियंत्रक के रूप में अत्यंत जिम्मेदारी, दक्षता एवं समर्पण के साथ कार्य किया। उनका सरल, सौम्य एवं सहयोगी व्यवहार सदैव कर्मचारियों के बीच सम्मान का विषय रहा। रेलवे की सुरक्षित एवं सुचारु संचालन व्यवस्था में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा अपने उत्कृष्ट कार्य, अनुशासन एवं व्यवहार से विभाग की गरिमा बढ़ाई।

समारोह के दौरान अनेक वक्ताओं ने दोनों वरिष्ठ साथियों के साथ बिताए गए संस्मरण साझा करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली, संघर्षशीलता, नेतृत्व क्षमता एवं मानवीय संवेदनाएं नई पीढ़ी के कर्मचारियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगी। वक्ताओं ने यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की सुखद एवं सार्थक शुरुआत है।

इस अवसर पर वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त पदाधिकारी पी.एन. सारस्वत, इमामुद्दीन खान, दलजीत राजावत, श्यामलाल गुर्जर, कौशल किशोर, हरिभाई शाखा अध्यक्ष गजानंद शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष हरिप्रसाद मीणा, मंडल सह सचिव राजूलाल गुर्जर, रघुराज सिंह, नदीम खान, धनश्याम मीना, शरीफ, बाबूलाल योगी, पुखराज, सुरेश गुर्जर, हरी मोहन गुर्जर, कैलाश जोगी, विकाश चतुर्वेदी, सुमेर जैन सोनी, सुभाष जैन सोगानी, अरविंद उपाध्याय, मनमोहन शर्मा, योगेंद्र शर्मा, सोमेन्द्र सिंह सहित अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों वरिष्ठ साथियों का अभिनंदन करते हुए उनके दीर्घायु, स्वस्थ, सुखमय एवं सम्मानपूर्ण जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

अपने संबोधन में कामरेड नरेंद्र जैन ने रेल सेवा के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी अधिकारियों, सहकर्मियों, यूनियन पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें सदैव सम्मान, विश्वास एवं कर्मचारियों के हित में कार्य करने की शक्ति प्रदान की। वहीं कामरेड श्री प्रकाश शर्मा ने भी सभी साथियों के स्नेह, सम्मान एवं सहयोग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि रेल परिवार के साथ बिताए गए वर्षों की स्मृतियां सदैव उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेंगी।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित साथियों ने दोनों सम्मानित साथियों के साथ सामूहिक छायाचित्र खिंचवाए तथा उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना की। अंत में यूनियन की ओर से सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया। यह समारोह दोनों वरिष्ठ रेलकर्मियों की दीर्घकालीन सेवाओं, संगठन के प्रति समर्पण तथा कर्मचारी हितों के लिए उनके योगदान को सम्मानित करने का साक्षी बना।

Tags:    

Similar News