गंगापुर सिटी: नगर निकाय चुनाव में सवर्ण समाज ने किया राजनीतिक दलों के बहिष्कार का आह्वान
यूजीसी एक्ट के विरोध में आयोजित आमसभा में करणी सेना और सवर्ण समाज समिति के नेताओं ने निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन देने की शपथ दिलाई।
गंगापुर सिटी में सवर्ण समाज समिति के मंच से संबोधन देते करणी सेना अध्यक्ष महिपाल मकराना।
गंगापुर सिटी में नगर निकाय चुनाव को लेकर सवर्ण समाज समिति ने राजनीतिक दलों के विरोध और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थन में रविवार शाम 7:00 बजे पुरानी अनाज मंडी स्थित सीताराम मंदिर प्रांगण में विशाल आमसभा आयोजित की। सभा में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल मकराना, एडवोकेट अनिल मिश्रा, करणी सेना प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सिंह खजूरी, रविंद्र जैतवाल, करणी सेना प्रवक्ता विजेंद्र सिंह सहित अन्य नेताओं ने मंच से उपस्थित जनसमूह और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थकों से भाजपा, कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दलों का बहिष्कार करने और निर्दलीय समर्थित प्रत्याशियों को मतदान कर विजयी बनाने का आह्वान किया।
यूजीसी एक्ट को काला कानून बताते हुए आयोजित इस विशाल आमसभा में राष्ट्रीय नेताओं को सुनने के लिए जनसमूह उमड़ पड़ा। नेताओं ने उपस्थित लोगों से मोबाइल की टॉर्च जलवाकर भाजपा, कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दलों के बहिष्कार और यूजीसी के समर्थक निर्दलीय प्रत्याशियों को जीताने की शपथ दिलाई।
करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल मकराना ने जोश भरे अंदाज में कहा कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा और कांग्रेस को वोट नहीं करें तथा समर्थित निर्दलीयों को जीतकर भेजें। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में भी यही होना चाहिए। यूजीसी जैसा काला कानून लाने वाली केंद्र की भाजपा सरकार को यह पता लग जाना चाहिए कि गंगापुर सहित राजस्थान के सवर्ण सरकार बनाना जानते हैं तो सरकार को उखाड़ना भी जानते हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को पता लग जाएगा। उन्होंने कहा कि यूजीसी काले कानून के विरोध में पूरे देश में आंदोलन हो रहे हैं और वह खुद 800 किलोमीटर की पैदल यात्रा करके समाज में आंदोलन कर रहे हैं।
महिपाल मकराना ने कहा कि किसी भी पार्टी या प्रशासनिक अधिकारी से डरने की कोई बात नहीं है, आंदोलन करना हमारा हक है। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी को हम उच्च आसन पर बिठाना जानते हैं तो उसे जमीन पर बिठाना भी जानते हैं। उन्होंने लोगों से अपनी ताकत पहचानने और वोट के माध्यम से निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन देकर भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों का बहिष्कार करने का आह्वान किया।
हिंडौन अग्रवाल शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष रविंद्र जैतवाल ने कहा कि केंद्र सरकार हमारे बच्चों और विद्यार्थियों पर नए-नए कानून लाकर उनका भविष्य खराब करने पर तुली हुई है, जिसे सवर्ण समाज बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अग्रसेन महाराज के वंशज कमजोर नहीं हैं और समय आने पर तराजू के स्थान पर तलवार भी उठा सकते हैं। उन्होंने भाजपा पार्टी सहित सभी राजनीतिक दलों का बहिष्कार करने और निर्दलीय प्रत्याशियों, जो यूजीसी के समर्थक हैं, उन्हें जिताने की बात रखी। साथ ही कहा कि जो आज भी समाज के साथ नहीं है, वह कभी समाज के साथ नहीं रह सकता। ऐसे लोगों को पहचानकर उन्हें सबक सिखाने का काम करने की बात कही।
एडवोकेट अनिल मिश्रा ने मंच से कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार सवर्णों के खिलाफ कानून लाकर वोट की राजनीति कर रही है और हमारे बच्चों के भविष्य को दांव पर लगा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी पार्टी से समाज ने किनारा कर लिया है और अब उसे सबक सिखाने का समय आ गया है। अनिल मिश्रा ने संविधान की बारीकियों को समझाते हुए कहा कि संविधान में इस प्रकार के संशोधनों का उल्लेख कहीं नहीं है और यह सिर्फ वोट की राजनीति कर रही है।
इस मौके पर सवर्ण समाज समिति के संयोजक अनुज शर्मा, महेश पाल सिंह जादौन, रविंद्र खंडेलवाल, हेमेंद्र बोहरा, महेंद्र गर्ग, प्रवक्ता वेद प्रकाश मंगल, लवली शर्मा, राजेंद्र वैद्य आदि सहित समिति के सभी पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत व सम्मान किया। मंच संचालन चंद्र प्रकाश पाराशर ने किया। नगर निकाय चुनाव से पहले आयोजित इस सभा में राजनीतिक दलों के बहिष्कार और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थन की सार्वजनिक शपथ ने चुनावी माहौल में सवर्ण समाज समिति की भूमिका को प्रमुखता से सामने रखा।