भाजपा बूथ 126 पर ‘मन की बात’ का प्रसारण, बिहारी लाल बिश्नोई ने आत्मनिर्भर भारत पर दिया संदेश

गंगापुर सिटी के भाजपा बूथ संख्या 126 पर ‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण हुआ। कार्यक्रम में बिहारी लाल बिश्नोई सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे और आत्मनिर्भर भारत-2047 समेत राष्ट्रहित के मुद्दों पर चर्चा की गई।

Update: 2026-07-27 09:18 GMT

तस्वीर में गंगापुर सिटी स्थित एक सभागार में आयोजित मन की बात कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बैठे हुए नजर आ रहे हैं।

गंगापुर सिटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का रविवार को गंगापुर शहर के बूथ संख्या 126 पर सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बूथवासियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।

कार्यक्रम में राजस्थान भाजपा संभाग प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल बिश्नोई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में करौली के पूर्व जिलाध्यक्ष बृजलाल डीकोलिया, जिला महामंत्री विनोद अटल एवं ‘मन की बात’ जिला संयोजक डॉ. हेमंत शर्मा मौजूद रहे।

इस अवसर पर बिहारी लाल बिश्नोई ने कहा कि ‘मन की बात’ आमजन से संवाद करने और आत्मनिर्भर भारत-2047 के संकल्प की दिशा में बढ़ते कदमों पर चर्चा करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान लोकल फॉर वोकल, आत्मनिर्भर भारत, कारगिल विजय दिवस, स्वदेशी वस्तुओं, खादी इंडिया, महिलाओं की बढ़ती भूमिका तथा रक्षा क्षेत्र में वैज्ञानिकों की उपलब्धियों सहित राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

भाजपा जिला सह मीडिया प्रमुख धनेश शर्मा ने बताया कि संभाग प्रभारी बिहारी लाल बिश्नोई ने उपस्थित पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं श्रोताओं से आत्मनिर्भर भारत-2047 के लक्ष्य को पूरा करने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मन की बात सह संयोजक एवं बूथ अध्यक्ष धनेश शर्मा, पार्षद ओमी कटारिया, लोक अभियोजक एडवोकेट घनश्याम सिंह, एडवोकेट हुकम सिंह, गोपाल धामोनिया, भाजयुमो जिला मंत्री अतुल शर्मा, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष प्रवीण गोयल, समाजसेवी विजय गुप्ता, दुर्गेश शर्मा, चोखेलाल सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, बूथवासी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।

इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को सुनते हुए आत्मनिर्भर भारत-2047 के संकल्प को आगे बढ़ाने और राष्ट्रहित से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

Tags:    

Similar News