पंडाल के मंच के सामने भजनों पर नाचते और आनंद लेते हुए श्रद्धालु दिखाई दे रहे हैं।

गंगापुर सिटी में मां कैला देवी सेवा संस्थान के तत्वावधान में रविवार को शरद पूर्णिमा पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मां कैला देवी के हजारों पदयात्रियों ने दर्शन कर ढोक लगाई और परिवार व देश की खुशहाली की मनौती मांगी। यात्रा के दौरान भव्य भगवती जागरण, मध्य रात्रि में खीर प्रसादी वितरण और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

रविवार को गंगापुर सिटी से कैला देवी के लिए रवाना हुई पदयात्रा मध्य विश्राम स्थल चैनपुर बालाजी पहुंची। यहां रात 8 बजे से विशाल भगवती जागरण का आयोजन हुआ। लखन भारती ग्रुप ने माता रानी के भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिन पर श्रद्धालु झूम उठे और जमकर नाचे। इस अवसर पर संस्थान की ओर से पदयात्रा में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी भामाशाहों का स्वागत किया गया।

पदयात्रा के गंगापुर सिटी से रवाना होने के बाद यात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं के स्वागत-सत्कार की व्यवस्था की गई। पदयात्रियों को अल्पाहार, चाय, बिस्कुट, नाश्ता, फलाहार और प्रसादी वितरित की गई। इससे यात्रा मार्ग पर सेवा और भक्ति का माहौल बना रहा।

शरद पूर्णिमा की चांदनी रात में मध्य रात्रि के दौरान गेरई मोड़ के पास खीर प्रसादी का वितरण किया गया। इसके बाद सोमवार सुबह 4 बजे पदयात्रियों ने खौहरी माता के दर्शन किए और कैला मैया के दरबार में ढोक लगाकर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।

मां कैला देवी सेवा संस्थान की ओर से खौहरी माता और कैला मैया को भंडारा प्रसादी का भोग लगाया गया। इसके बाद सोमवार सुबह 6 बजे बड़ी धर्मशाला, कैला देवी में विशाल भंडारा शुरू हुआ। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

पदयात्रा पूर्ण होने पर संस्थान के सदस्यों ने पदयात्रियों सहित यात्रा में सहयोग करने वाले सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में मां कैला देवी के दर्शन, भजन-कीर्तन, खीर प्रसादी और भंडारे के माध्यम से श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिली।

Tags: