गंगापुर सिटी: श्री गोवर्धन सेवा समिति की 84 कोस यात्रा शुरू, 9 सितंबर को समापन
गंगापुर सिटी से रवाना हुई द्वादशम् यात्रा में 100 से अधिक श्रद्धालु 17 वाहनों के साथ बृज के विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर रहे हैं।
तस्वीर में पीले, बैंगनी और सफेद वस्त्र पहने श्रद्धालु एक परिसर के बाहर खड़े हैं।
गंगापुर सिटी से 30 अगस्त को रवाना हुई श्री गोवर्धन सेवा समिति की बृज चौरासी कोस यात्रा में श्रद्धालु बृज के अनेक रमणीय धार्मिक स्थलों के दर्शन कर रहे हैं। वाहनों से आयोजित की जा रही इस द्वादशम् यात्रा में करीब 100 श्रद्धालु 17 वाहनों से यात्रा कर रहे हैं।
समिति अध्यक्ष कमलेश गोयल ने बताया कि श्री गोवर्धन सेवा समिति के तत्वावधान में बृज चौरासी कोस की द्वादशम् यात्रा वाहनों से करवाई जा रही है। यात्रा का समापन 9 सितंबर को भंडारे के साथ किया जाएगा।
यात्रा संयोजक विजय गोयल ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पेठा गांव, चंद्र सरोवर, श्यामदाक, जटेरी धाम, डीग महल, लक्ष्मण दर्शन, कृष्ण-सुदामा दर्शन, अलकगंगा, बद्रीनारायण, लक्ष्मण झूला, गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, कामबन, भोजन थाली, फिसलन पट्टी, चरण पहाड़ी, कदम खंडी, देहकुंड, ललिता सखी, दाऊजी, बरसाना, घेवरवन, मोरकुटी, रंगीली महल सहित अनेक रमणीय धार्मिक स्थलों के दर्शन किए।
बृज 84 कोस यात्रा के मार्गदर्शक पंडा अजय विजय चतुर्वेदी मथुरा ने श्रद्धालुओं को सभी दर्शनीय स्थलों के धार्मिक महत्व की जानकारी दी। यात्रा के मधुर क्षणों को चेतन फोटोग्राफर ने कैमरे में कैद किया।
जटेरी धाम में नगर के व्यापारी मुकेश सर्राफ ने गंगापुर सिटी से पहुंची बृज 84 कोस यात्रा का बालभोग करवाकर स्वागत और सम्मान किया। यात्रियों ने शहर की मंगल कामना करते हुए खुशहाली की मनौती मांगी।
यात्रा में श्री गोवर्धन सेवा समिति के अध्यक्ष कमलेश गोयल, यात्रा संयोजक विजय गोयल, व्यवस्थापक महेश बंसल, सहसंयोजक घनश्याम बजाज, प्यारेलाल गर्ग, मदन गोपाल बाग, सीताराम धोलेटा, यात्रा संचालक पंडा विजय चतुर्वेदी, गिरधारी चतुर्वेदी, मयंक चतुर्वेदी, मुरारी लाल करौली, रामचरण ठीकरिया, धनेश गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालु एवं कार्यकारिणी उपस्थित रहे। 9 सितंबर को भंडारे के साथ यात्रा के समापन के साथ श्रद्धालुओं की यह धार्मिक यात्रा पूर्ण होगी।