तस्वीर में शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय महाविद्यालय में ईवीएम कमीशनिंग प्रशिक्षण के दौरान अधिकारी और कार्मिक नजर आ रहे हैं।

सवाई माधोपुर, 5 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत शनिवार को शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय महाविद्यालय में ईवीएम कमीशनिंग स्टाफ का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में कार्मिकों को ईवीएम कमीशनिंग की सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रक्रिया समझाने के साथ निर्वाचन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारी वाला कार्य है। उन्होंने सभी कार्मिकों से निर्वाचन कार्य को पूरी गंभीरता से लेते हुए अपने दायित्वों का पूर्ण जिम्मेदारी, निष्पक्षता एवं निर्धारित निर्वाचन नियमों के अनुरूप निर्वहन करने का आह्वान किया।

काना राम ने कहा कि ईवीएम कमीशनिंग की प्रक्रिया में निर्धारित प्रोटोकॉल एवं निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए। उन्होंने कार्मिकों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारी और प्रक्रिया को अच्छी तरह समझें, ताकि निर्वाचन के दौरान कार्य सुचारू एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित किया जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह तथा सहायक प्रशिक्षण प्रभारी अधिकारी दिनेश कुमार गुप्ता ने कार्मिकों को ईवीएम कमीशनिंग की प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान कार्मिकों की शंकाओं का भी समाधान किया गया।

नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की निर्वाचन प्रक्रिया को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुचारू एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित करने के लिए ईवीएम कमीशनिंग स्टाफ का प्रशिक्षण महत्वपूर्ण रहा।

Tags: