अपना घर सेवा समिति गंगापुर सिटी ने आयोजित किया सीपीआर प्रशिक्षण, ट्रॉमा मैनेजमेंट जागरूकता शिविर

गंगापुर सिटी में अपना घर सेवा समिति और लायंस क्लब 'सार्थक' के सहयोग से सीपीआर प्रशिक्षण व ट्रॉमा मैनेजमेंट जागरूकता शिविर आयोजित हुआ, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी दी।

Update: 2026-07-27 10:30 GMT

तस्वीर में गंगापुर सिटी की अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित सीपीआर प्रशिक्षण शिविर के दौरान मंचासीन अतिथि और समिति के सदस्य नजर आ रहे हैं।

अपना घर संस्था, भरतपुर से सम्बद्ध अपना घर सेवा समिति, पुरुष इकाई गंगापुर सिटी द्वारा लायंस क्लब 'सार्थक' के सहयोग से 26 जुलाई, 2026 को स्टेशन रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में सीपीआर प्रशिक्षण, ट्रॉमा मैनेजमेंट एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष अशोक बंसल ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा मां भारती के चित्रपट के सम्मुख दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया गया। समिति अध्यक्ष अशोक बंसल ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की।

इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष रमेश चंद गुप्ता 'पट्टीवाले' ने अपने उद्बोधन में अपना घर आश्रम की रीति-नीति एवं वहां संचालित संपूर्ण सेवा कार्यों की जानकारी उपस्थित लोगों को दी। उन्होंने बताया कि महिला होमलेस सेंटर के लिए दुनिया के सबसे बड़े आश्रय स्थल के रूप में अपना घर आश्रम, भरतपुर का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो चुका है।

कार्यक्रम में लायंस क्लब के अध्यक्ष इंजीनियर उमेश शर्मा ने भी समिति द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की प्रशंसा की। शिविर के दौरान डॉ. आर.के. मेहता, डॉ. मुकेश गर्ग एवं डॉ. रवि गुप्ता ने उपस्थित लोगों को प्रैक्टिकल प्रशिक्षण के साथ जीवन रक्षक तकनीकी जानकारी प्रदान की।

डॉ. आर.के. मेहता ने कार्डियक एमरजैंसी मैनेजमेंट के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वहीं डॉ. मुकेश गर्ग ने दुर्घटना की स्थिति में मरीजों के साथ किए जाने वाले व्यवहार और आवश्यक सावधानियों के बारे में बताया। डॉ. रवि गुप्ता ने डमी पर सीपीआर करके समझाया कि आपात स्थिति में मरीज को किस प्रकार सीपीआर दी जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि यदि हमारे प्रयासों से किसी का जीवन बचता है तो यह सच्ची मानव सेवा होगी।

शिविर के समापन अवसर पर समिति सचिव अभिषेक रावत ने सभी का आभार प्रकट किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का मंच संचालन कार्यक्रम प्रभारी श्री विश्व बंधु आर्य द्वारा किया गया।

Tags:    

Similar News