सलूम्बर कलेक्टर कार्यालय में रावण मंगरी बचाओ संघर्ष समिति के सदस्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपते दिख रहे हैं।

सलूम्बर की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान से जुड़े रावण मंगरी पर प्रस्तावित जलाशय निर्माण को लेकर विरोध तेज हो गया है। रावण मंगरी बचाओ संघर्ष समिति ने बुधवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने, पहाड़ी का सीमांकन कराने और स्थल को पर्यटन एवं जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग की।

समिति ने ज्ञापन में बताया कि अरावली पर्वतमाला से सटी रावण मंगरी पर पिछले करीब 50 वर्षों से लगातार रावण दहन का आयोजन होता आ रहा है। यह स्थल सलूम्बर शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में यहां प्रस्तावित निर्माण को लेकर समिति ने आपत्ति जताई है।

समिति का आरोप है कि डीएमएफटी सलूम्बर के पत्र क्रमांक 2025-26/193 के तहत संबंधित विभाग की ओर से रावण दहन स्थल पर ही जलाशय निर्माण के लिए बड़ा गड्ढा खोद दिया गया है। समिति के अनुसार, निर्माण कार्य के नाम पर पहाड़ी के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इससे न केवल वर्षों पुरानी रावण दहन की परंपरा प्रभावित होने की आशंका है, बल्कि नगरवासियों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं।

संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि उसे जलाशय निर्माण से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन इसके लिए रावण दहन स्थल का चयन करने के बजाय किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर निर्माण कराया जाना चाहिए। समिति का कहना है कि धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े स्थल को सुरक्षित रखना जरूरी है।

समिति ने रावण मंगरी को संरक्षित कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा। ज्ञापन में बताया गया कि पहाड़ी की ऊंचाई से सलूम्बर शहर और सेरिंग तालाब का विहंगम दृश्य दिखाई देता है। इस विशेषता को देखते हुए यहां आकर्षक सनसेट पॉइंट और सेल्फी पॉइंट विकसित किया जा सकता है। इससे स्थल को पर्यटन एवं जनसुविधा केंद्र के रूप में पहचान मिल सकती है।

ज्ञापन के माध्यम से समिति ने मांग की कि सबसे पहले राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार रावण मंगरी का सीमांकन कराया जाए। इसके बाद पहाड़ी की चारदीवारी बनाकर रावण दहन स्थल को सुरक्षित किया जाए, ताकि इसकी ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बनी रहे।

कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के दौरान अधिवक्ता रामभरोसे पुरोहित, मोहम्मद खान, गौतमलाल, प्रहलाद पटेल, शंकरलाल भोई सहित रावण मंगरी बचाओ संघर्ष समिति के सदस्य मौजूद रहे। समिति ने जलाशय निर्माण के लिए वैकल्पिक स्थान चुनने और पहले रावण मंगरी की सीमा निर्धारित कर स्थल को संरक्षित करने की मांग उठाई है।

Tags: