तस्वीर में ओवरा पंचायत के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि शपथ ग्रहण के बाद नजर आ रहे हैं।

लसाड़िया। ग्राम पंचायत ओवरा में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का विजय जुलूस बुधवार को बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ निकाला गया। उत्साहपूर्ण माहौल के बीच नवनिर्वाचित सरपंच देवली बाई मीणा ने पदभार ग्रहण किया। उनके साथ उप सरपंच रमेश मीणा सहित आठ वार्डपंचों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर पंचायत की जिम्मेदारी संभाली।

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया। नवनिर्वाचित सरपंच देवली बाई मीणा, उप सरपंच रमेश मीणा और आठ वार्डपंचों की मौजूदगी में विजय जुलूस की शुरुआत जोधवात गांव से हुई। बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच निकली शोभायात्रा का ग्रामीणों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से स्वागत कर जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन किया। जुलूस राजीव गांधी सेवा केंद्र पहुंचकर संपन्न हुआ।

यहां सुबह 11:15 बजे ग्राम विकास अधिकारी हीरालाल मेनारिया ने नवनिर्वाचित सरपंच देवली बाई मीणा, उप सरपंच रमेश मीणा और आठों वार्डपंचों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद सरपंच सहित सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया।

समारोह में ओवरा के पूर्व सरपंच कमलचंद मीणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं और पंचायत क्षेत्र के विकास के साथ स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान की अपेक्षा जताई। विजय जुलूस और शपथ ग्रहण समारोह के साथ ओवरा ग्राम पंचायत में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने अपनी जिम्मेदारियों का औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया।

Tags: