तस्वीर में सलूम्बर में कार्यकर्ता घर जाकर बुजुर्ग महिला मतदाता को माला पहनाकर सम्मानित कर रहे हैं।

सलूम्बर में 11 सितम्बर 2026 को होने वाले नगरीय निकाय आम चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को लेकर स्वीप गतिविधियां अब घर-घर तक पहुंच गई हैं। सोमवार को प्रगणकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं ने विभिन्न मतदान क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को पीले चावल भेंट कर मतदान का न्योता दिया और लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

इस दौरान वयोवृद्ध, दिव्यांग एवं नव मतदाताओं का उपरणा ओढ़ाकर एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। नगर परिषद के वार्ड संख्या 13 में वयोवृद्ध मतदाताओं का विशेष सम्मान कर उनके लोकतांत्रिक योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। पहली बार मतदान करने जा रहे नव मतदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मतदान के महत्व से भी अवगत कराया गया।

स्वीप टीम एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं से कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से 11 सितम्बर को मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को सफल बनाने का आह्वान किया।

मतदाता जागरूकता की यह पहल जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मुहम्मद जुनैद, रिटर्निंग अधिकारी श्री जगदीश चन्द्र बामनिया, जिला स्वीप प्रभारी श्री रामावतार यादव एवं आयुक्त नगर परिषद सलूम्बर श्री अभिषेक शर्मा के निर्देशन में संचालित की जा रही है।

वयोवृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान दिवस पर सहज एवं सुगम मतदान सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पी.एम.श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सलूम्बर में 75 स्काउट-गाइड को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। सहायक जिला कमिश्नर एवं प्रधानाचार्य श्री भगवान लाल त्रिवेदी, स्थानीय संघ सचिव श्री श्याम किशोर उपाध्याय तथा गाइड प्रशिक्षक सुश्री करिश्मा कलाल के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में स्काउट-गाइड को मतदान दिवस पर किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान स्काउट-गाइड को वयोवृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं की आवश्यकतानुसार सहायता करने, मतदान केंद्र पर उन्हें सहज वातावरण उपलब्ध कराने तथा मतदान प्रक्रिया को सुगम बनाने के संबंध में व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

इस अवसर पर स्वीप प्रकोष्ठ से श्री दिनेश कुमार सालवी, श्री इन्द्र लाल पंचाल, श्री राजेन्द्र कुमार पण्ड्या, श्री प्रदीप जोशी एवं उपप्राचार्य श्री प्रेमशंकर चौबीसा उपस्थित रहे। स्वीप प्रकोष्ठ ने नागरिकों से अपील की कि 11 सितम्बर को कोई भी पात्र मतदाता मतदान से वंचित न रहे। स्वयं मतदान करें और परिवार, पड़ोस एवं आसपास के मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। सामूहिक भागीदारी से ही शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को हासिल कर लोकतंत्र को और मजबूत बनाया जा सकता है।

Tags: