सलूंबर में दिव्यांग मतदाताओं ने दिखाया लोकतांत्रिक उत्साह, 73.99 प्रतिशत ने किया मतदान
सलूंबर जिले की चार पंचायत समितियों में 1,834 में से 1,357 दिव्यांग मतदाताओं ने किया मतदान, सलूंबर समिति 78.21% वोटिंग के साथ शीर्ष पर रही।
गौंगला, लसाड़िया, सलूम्बर और सेमारी पंचायत समिति के दिव्यांग मतदाताओं का डेटा दिखाया गया है।
सलूंबर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के दौरान दिव्यांग मतदाताओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। जिले की चार पंचायत समितियों में कुल 1,834 दिव्यांग मतदाताओं में से 1,357 ने मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह जिले में दिव्यांग मतदाताओं का कुल मतदान प्रतिशत 73.99 दर्ज किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनेद पी.पी. के निर्देशन में दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुगम और सुविधाजनक मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति उनकी जागरूकता और प्रतिबद्धता के रूप में सामने आई।
पंचायत समिति के अनुसार मतदान प्रतिशत में सलूंबर सबसे आगे रहा। यहां कुल 546 दिव्यांग मतदाताओं में से 427 ने मतदान किया। इस तरह सलूंबर पंचायत समिति में 78.21 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो जिले की चारों पंचायत समितियों में सर्वाधिक रहा।
गींगला पंचायत समिति में कुल 458 दिव्यांग मतदाताओं में से 345 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां मतदान प्रतिशत 75.33 रहा। इसी तरह लसाड़िया पंचायत समिति में 376 में से 267 दिव्यांग मतदाताओं ने मतदान किया और कुल मतदान प्रतिशत 71.01 दर्ज किया गया।
वहीं, सेमारी पंचायत समिति में कुल 454 दिव्यांग मतदाताओं में से 318 ने मतदान किया। यहां दिव्यांग मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 70.04 रहा।
जिले की चारों पंचायत समितियों में कुल 477 दिव्यांग मतदाता मतदान नहीं कर सके। जिला प्रशासन ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में दिव्यांग मतदाताओं की इस सक्रिय भागीदारी को समावेशी एवं सुगम निर्वाचन की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। चुनाव में दर्ज 73.99 प्रतिशत मतदान ने जिले में दिव्यांग मतदाताओं की भागीदारी की स्थिति को रेखांकित किया।