सलूम्बर में पंचायत-नगर निकाय चुनाव 2026 की तैयारियां तेज, प्रशासन-पुलिस के संयुक्त निरीक्षण और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष फोकस
सलूम्बर में पंचायती राज एवं नगरीय निकाय चुनाव-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त निरीक्षण, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर अहम निर्देश जारी किए।
तस्वीर में जिला कलक्ट्रेट सभागार में पंचायती राज एवं नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर आयोजित संयुक्त समीक्षा बैठक में अधिकारी बैठे नजर आ रहे हैं।
आगामी पंचायती राज एवं नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) मोहम्मद जुनेद पी.पी. एवं पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपखंड अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर चुनावी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद जुनेद पी.पी. ने जिले के सभी थाना प्रभारियों से पिछले चुनावों के अनुभवों और आगामी चुनावों की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदान केंद्र का प्रशासन एवं पुलिस संयुक्त रूप से भौतिक निरीक्षण करें, वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का आकलन करें तथा संभावित समस्याओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल, बिजली, शौचालय, रैंप, संचार सुविधा सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कराई जाएं। यदि किसी मतदान केंद्र पर कोई समस्या सामने आती है तो उसका पंचायत स्तर पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव कार्य में लगे स्थानीय कार्मिक किसी भी प्रकार की राजनीतिक अथवा चुनाव प्रचार संबंधी गतिविधियों में शामिल नहीं हों। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण निष्पक्षता के साथ निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने दूर-दराज के क्षेत्रों में नेटवर्क एवं संचार संबंधी समस्याओं का पूर्व आकलन कर आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार का कम्युनिकेशन गैप न रहे। इसके साथ ही पुलिस विभाग को निर्वाचन कार्य में उपयोग होने वाले सभी वाहनों की तकनीकी स्थिति अभी से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर देते हुए ऐसे संभावित क्षेत्रों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चुनाव ड्यूटी के लिए अनुभवी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम गठित करने, शस्त्र लाइसेंसों की समीक्षा करने तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं अतिरिक्त पुलिस जाब्ते की आवश्यकता हो तो इसकी सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाए। साथ ही युवाओं की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने, असामाजिक तत्वों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने तथा आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र पर ऐसे जिम्मेदार एवं विश्वसनीय व्यक्तियों की पहचान करने के निर्देश दिए, जो आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सूचना उपलब्ध कराने तथा प्रशासन की सहायता करने में सहयोगी बन सकें। इसके अलावा वर्तमान में संचालित पुलिस अभियानों को और अधिक गति देने के निर्देश भी दिए।
बैठक के समापन पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलक्टर) डॉ. दिनेश राय सापेला ने सभी अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप में आवश्यक सूचनाएं समयबद्ध उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आगामी पंचायती राज एवं नगरीय निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अभी से पूरी गंभीरता के साथ तैयारियां सुनिश्चित करें।