धरियावद विधानसभा में 10.95 करोड़ की 16 सड़कों को मंजूरी, ग्रामीण विकास को मिलेगी नई रफ्तार
धरियावद विधानसभा क्षेत्र में 10.95 करोड़ रुपये की लागत से 16 सड़कों को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिली। जानिए किन क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ।
तस्वीर में बाईं से दाईं ओर बैठे हुए कन्हैयालाल मीणा, उनके पास बैठे अन्य व्यक्ति और सामने कुर्सी पर बैठी उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एक बैठक के दौरान चर्चा कर रहे हैं।
राजस्थान सरकार ने धरियावद विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण विकास को गति देते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग के अंतर्गत मिसिंग लिंक एवं नॉन-पेचेबल श्रेणी की 16 सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 10 करोड़ 95 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। इस निर्णय से धरियावद, लसाड़िया और झल्लारा ब्लॉक के अनेक गांवों को वर्षभर बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध होगा तथा हजारों ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर भाजपा विधायक प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब और किसान के हित में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि धरियावद विधानसभा क्षेत्र की लंबे समय से लंबित सड़क मांगों को स्वीकृति मिलना क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि है।
कन्हैयालाल मीणा ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज आने-जाने में आसानी होगी तथा मरीजों को समय पर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जिन मार्गों पर आवागमन बाधित हो जाता था, वहां अब स्थायी समाधान होगा।
स्वीकृत सड़कों में धरियावद ब्लॉक के अंतर्गत वेलवी मेन रोड से खान माताजी तक 2 किलोमीटर सड़क के लिए 120 लाख रुपये, गदवास से वरगट माताजी तक 1 किलोमीटर सड़क के लिए 50 लाख रुपये, भोजपुर से साताकुई तक 3 किलोमीटर सड़क के लिए 75 लाख रुपये, जगलावदा–मूंगाणा सड़क 5 किलोमीटर के लिए 110 लाख रुपये तथा खोखरी कला से परवारिया साग तक 3 किलोमीटर सड़क के लिए 60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
लसाड़िया ब्लॉक में डूमातालाब से चंदाजी का गुड़ा तक 1.50 किलोमीटर सड़क के लिए 75 लाख रुपये, ओवरा से कन्नमाताजी तक 3 किलोमीटर सड़क के लिए 170 लाख रुपये, दाणीतलाई 2.50 किलोमीटर सड़क के लिए 40 लाख रुपये, करनागढ़ 3 किलोमीटर सड़क के लिए 60 लाख रुपये, सड़ामानपुर 3 किलोमीटर सड़क के लिए 60 लाख रुपये तथा शोभजी का गुड़ा 1 किलोमीटर सड़क के लिए 20 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई है।
झल्लारा ब्लॉक में शेषपुर पावर हाउस से जोगी बस्ती तक 1 किलोमीटर सड़क के लिए 55 लाख रुपये, नानगा 2 किलोमीटर सड़क के लिए 40 लाख रुपये, कादमा 4 किलोमीटर सड़क के लिए 80 लाख रुपये, खोलड़ी से अखेपुर तक 3 किलोमीटर सड़क के लिए 60 लाख रुपये तथा मेघवाल बस्ती भबराना 1 किलोमीटर सड़क के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
कन्हैयालाल मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि धरियावद विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल तथा अन्य विकास कार्यों को लगातार स्वीकृतियां मिल रही हैं, जिससे क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि आर्थिक प्रगति, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर भी लेकर आती हैं। उनके अनुसार यह स्वीकृति क्षेत्र के समग्र विकास की मजबूत नींव साबित होगी।
अंत में कन्हैयालाल मीणा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार भविष्य में भी धरियावद विधानसभा के विकास के लिए इसी प्रकार जनहितकारी निर्णय लेती रहेगी। इस संबंध में जानकारी उनके निजी सहायक हितेश मेघवाल ने दी।