सलूंबर में दो अवैध पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार, झल्लारा पुलिस-डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में हथियार बरामद
सलूंबर में झल्लारा पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी से दो अवैध देशी पिस्टल, दो मैग्जीन और मोबाइल बरामद हुए। मामले की जांच जारी है।
सलूंबर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत झल्लारा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल, दो खाली मैग्जीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए लगातार सूचनाएं एकत्रित कर रही थी और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर झल्लारा थाना पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को देखकर एक युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल, दो खाली मैग्जीन और दो मोबाइल फोन बरामद होने की पुष्टि हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल खराड़ी निवासी जावरा, जिला रतलाम (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही बरामद हथियारों के स्रोत और उनसे जुड़े अन्य संभावित नेटवर्क के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में थाना झल्लारा के थानाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह, जिला विशेष टीम प्रभारी प्रताप सिंह, सहायक उपनिरीक्षक जुलेदार, हेड कॉन्स्टेबल भेराराम, नीरज तथा कॉन्स्टेबल किरेन्द्र सिंह, सिद्धराज सिंह और हनुमानाराम की सक्रिय भूमिका रही। वहीं, कॉन्स्टेबल राकेश कुमार द्वारा किए गए सूचना संकलन और खुफिया इनपुट ने पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस अवैध हथियारों के स्रोत और संभावित नेटवर्क की जांच आगे बढ़ा रही है।