राजसमंद के आमेट में चाकूबाजी में युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
सरदारगढ़ बस स्टैंड पर आपसी विवाद के दौरान चाकू से हमला, आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर रास्ता जाम कर आरोपी के घर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की।
राजसमंद के आमेट में युवक की चाकू से हत्या के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया।
राजसमंद जिले के आमेट क्षेत्र में कांकरोली मार्ग पर चाकू से हमले में एक युवक की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने उप जिला चिकित्सालय आमेट के बाहर करीब दो घंटे तक रास्ता जाम कर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की।
आमेट थाना अधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि सरदारगढ़ बस स्टैंड पर अरनिया निवासी राजू सिंह पुत्र शंकर सिंह, उम्र 35 वर्ष, पर किसी ने चाकू से हमला कर दिया। घटना में अरनिया निवासी दलपत सिंह पुत्र प्रेम सिंह, उम्र 25 वर्ष, की मौत हो गई। मृतक के बड़े पिता फतेह सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी अरनिया ने आमेट पुलिस स्टेशन में घटना की सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन और पुलिस उसे आमेट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामला आपसी विवाद से जुड़ा है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आमेट चिकित्सालय के बाहर करीब दो घंटे तक रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई। ग्रामीणों और परिजनों ने मुख्य मार्ग पर धरना देकर विरोध जताया। पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
स्थिति को देखते हुए उप जिला चिकित्सालय आमेट के बाहर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद केलवा, थाना अधिकारी डॉक्टर सुबोध कुमार, चारभुजा थाना अधिकारी लक्ष्मण सिंह और आमेट थाना अधिकारी रोहित कुमार मय जाप्ता मौजूद रहे। चाकू से हमले में युवक की मौत के मामले में पुलिस की जांच और आरोपी की तलाश जारी है।