राजसमंद के कांकरोली में पुरानी रंजिश के दौरान हमले में मारे गए युवक सुरेश सिंह की फाइल फोटो।

राजसमंद। राजसमंद शहर के कांकरोली थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक युवक की बेरहमी से लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। जलचक्की के पास सलूस रोड पर हुई इस वारदात में हमलावरों ने युवक पर लाठी, लात और घूंसों से ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर चोटों के चलते युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पूरे शहर में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान सुरेश सिंह उर्फ सुरेंद्र सिंह निवासी गजसिंह की भागल, थाना चारभुजा के रूप में हुई है। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को आरके जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिलशान और इलियास नाम के दो आरोपियों को डिटेन किया है। दोनों आरोपी राजनगर और कांकरोली क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतक और आरोपियों के बीच पहले भी विवाद और झड़प हो चुकी थी। बुधवार रात किसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने युवक पर लाठियों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

फिलहाल पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। दो हिस्ट्रीशीटरों को डिटेन किए जाने के बाद अब पुलिस वारदात के कारणों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Tags: